Tuesday, August 11, 2020

कहानी

मरना एक मामूली आदमी का....

अब आगे कुछ भी लिखने से पहले साफ़ कर देना चाहता हूँ कि, यह शीर्षक मेरा नहीं है। जहाँ तक याद है, कुछेक साल पहले दिल ने फिर एक बार आवारागर्दी की थी और मुझे पी. एचडी. की तरफ़ मोड़ दिया था। पुराने आचार्यों की बेवफ़ाईयों को भूल कर दिल ने फिर किसी रीडर की मुहब्बत में गिरफ़्तार होने का इशारा किया था।
ये वाले रीडर भाषा विज्ञान के आचार्य थे और हम ठहरे भाषा को मात्र संप्रेषण का माध्यम समझने वाले।
तय हुआ कि शोध-विषय के रूप में जनपद-बलिया के ही किसी साहित्यकार को लूँगा। जैसे पंडित केशव प्रसाद मिश्र, अयोध्या प्रसाद खत्री, भैरव प्रसाद गुप्त, हजारीप्रसाद द्विवेदी, भगवतशरण उपाध्याय, श्रीराम वर्मा (अमरकांत) केदारनाथ सिंह आदि में से किसी को भी...।
रीडर महोदय ने कहा था कि हाँ! केदारनाथ सिंह 'लेटेस्ट' हैं। अभी मरे हैं, ये ठीक रहेगा।
दिल से कराह निकली - क्या साहित्य के अध्यापकों के लिए साहित्यकारों का मरना बस इतना ही है - लेटेस्ट!
लेकिन शोध आख़िर है क्या! साहित्य और समझौते के बीच एक पतली सी पगडंडी से वहाँ तक चले जाना, जिस टेबल पर आपके थीसिस पर मुहर लग रही हो। यह समझौता भिन्न - भिन्न तरीके का हो सकता है शारीरिक, मानसिक, आर्थिक, मूल्यगत, वगैरह - वगैरह।
अब समस्या यह थी कि केदारनाथ सिंह के साहित्य में बहुत जानकारी थी नहीं। बलियाटिक दोस्तों ने सदा की तरह साथ देने का वादा किया।
एक मित्र ने तो गुटका थूकते हुए कहा था - "असित भाई! तूं बस पढ़ाई पर धेयान दऽ। केदारनाथ सिंह से मुलाकात करावल हमरी जिम्मे छोड़ दऽ" ।
मुझे भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने किसी को फोन भी किया - "हरे! चकिया गाँव में दु - चार गो लइकन के सेट कर। आ जइसे केदार बाबा अइहें ओइसे मिस काल मार दिहे" ... ।
मैं क्या बताता! कि अब केदार बाबा से मिलना इस जनम में संभव नहीं। मित्र जिस तरह केदारनाथ सिंह से मिलाने के लिए दृढ़ संकल्पित थे, उससे डर भी लगा कि नाम के पहले डॉक्टर से पूर्व कहीं सचमुच केदार बाबा से भेंट ही न करा दें!
                  हारे को हरिनाम! कितना सटीक मुहावरा है। मुझे भी ऐसे दुश्चिंता के समय राम जी तिवारी याद आए। व्यक्तित्व बेहद साधारण और ज्ञान इतना कि साहित्य के तमाम प्रोफ़ेसर्स के बीच भी इन्हीं की स्मृति आती है। मैंने फोन करना चाहा तो फोन की सूची से इनका नाम ही गायब!
ऐसा अक्सर होता है मेरे साथ। विषम परिस्थितियों में जब भी मोबाइल बदलना हुआ तो मारे जलन के फोन सूची से महत्त्वपूर्ण व्यक्ति निकल लेते हैं।पता नहीं कैसे उन लोगों को मालूम हो जाता है कि मैंने मोबाइल बदल दिया। मेरे ही भाग्य का दोष होगा!
पिछले दिनों एस सी काॅलेज़ बलिया के अंग्रेज़ी विभाग वाले डॉ. वाई. पी. सिंह मेरे दोस्तों से व्हाट्स-ऐप में आए संदेश कापी-पेस्ट करना सीख रहे थे।
मैंने हँस कर कहा था - सर! हमारा और आपका तकनीकी ज्ञान एक बराबर है।
उन्होेंने एक महत्त्वपूर्ण जवाब दिया - "असित बाबू! तकनीकी का ज्यादा ज्ञान जीवन के रस से दूर कर देता है" । उनके इस कथन की आड़ में मेरा भी काम चल जाता है।
                     तो रामजी तिवारी से केदारनाथ सिंह की कुछ पुस्तकें प्राप्त हुईं थीं। उनमें एक पुस्तक थी "कब्रिस्तान में पंचायत" जिसका पाँचवा या छठवाँ अध्याय रहा होगा - 'मरना एक मामूली आदमी का' जिसमें उन्होंने अपने गाँव के एक सामान्य व्यक्ति 'जगरनाथ 'के मर जाने की घटना का भावपूर्ण वर्णन किया है ।ये तो रही शीर्षक की बात। जिसे बता देना जरूरी था अन्यथा मौलिकता के समर्थक पत्थरबाज़ी पर उतर आते।
मैं बताने जा रहा था कि कल सुबह 'रामा' मर गए। ठीक - ठाक, अच्छे - भले थे। सुबह उठे नहाए - धोए! सर में थोड़ा दर्द जैसा महसूस हुआ तो लेट गए और फिर उठे ही नहीं।
हाँ! पता है। महादेवी ने "रामा" नाम से एक संस्मरण /रेखाचित्र खींचा था जिसमें उन्होंने अपने घरेलू नौकर 'रामा' का वर्णन किया है। लेकिन उनके रामा से मेरा रामा भिन्न है मौलिक है। और मौलिकता के रूखे - सूखे सड़क पर सरपट दौड़ने वाले लोग आलोचना की पगडंडी क्यों नहीं पकड़ लेते? साहित्य के इस 'मेन - रोड' पर उनका क्या काम!
इस रामा का नाम जरुर रामानंद या रामाकांत जैसा कुछ रहा होगा। लेकिन हम बच्चों की कई पीढ़ियों के लिए वो रामा ही थे।जो गोलगप्पे का ठेला लगाते थे । बनारसी लोग जिसे गोलगप्पा कहते हैं उसे हम बलियाटिक लोग फुल्की।
चलिए माना कि बनारस ही नहीं सारे भारत के लोग गोलगप्पा कहते हैं लेकिन हम लोग फुल्की ही कहते और मानते हैं।
कस्बे के बेहद संकरे स्थान जल्पा चौक में अपना पुश्तैनी मकान था रामा का।प्रायः हम जिसे मकान कहते हैं वह प्रेयसी के प्रेम में फैले हुए हाथों के फैलाव बराबर ही होता है। लेकिन आदमी को जगह चाहिए ही कितनी!
कस्बे से निकल कर रामा मिडिल स्कूल की ओर चले आते थे। मिडिल स्कूल के अलावा उन्होंने कस्बे में कहीं भी अपनी अनमोल फुल्कियों की क़ीमत नहीं लगने दी। चाहे वो गंधी मुहल्ला हो या बढ्ढा मुहल्ला। चाहे वो चाँदनी चौक हो या सब्जी मंडी। चाहे वो पुलिस चौकी रोड हो या सिनेमा रोड।
स्कूल के विशालकाय लौह - गेट के बाएँ तरफ़ अपने ठेले पर चौड़ी मोहरी वाले पाजामे और बंगला कुरते में बैठे रामा तब भी मँहगाई का रोना रोते रहते थे जब पच्चीस पैसे में पाँच फुल्कियाँ मिलती थीं।
वो उन लड़कियों का ज़माना था जो अपनी सहेलियों को फुल्कियाँ खिलाने के लिए अपनी हिंदी या गणित की किताबें खुशी-खुशी रामा को भेंट कर आतीं थीं। जिसके एक पन्ने को चार हिस्सों में बराबर फाड़कर फुल्की खाने का प्लेट समझा जाता था।
वो लड़कियाँ आपस में पैसे इकट्ठे कर एक साथ फुल्कियाँ खातीं थीं और कभी-कभी उन सहेलियों को भी साथ ले जातीं थीं जिनके घर से एक चवन्नी आने की संभावना नहीं थी।
उसके बाद का ज़माना हम जैसे प्रगतिशील बच्चों का आया। घर से चुराए गए  दो के सिक्के के बदले जब भी रामा हमें चार फुल्कियाँ खिलाते तो हमने हर बार ढिठाई से कहा - "एगो औरू खिआवऽ।अभी तऽ तीने गो भईल" ।
रामा ने हमसे पहले न जाने मिडिल स्कूल की कितनी पीढ़ियों को फुल्कियाँ खिलाईं होगीं लेकिन उनकी गिनती में कभी गड़बड़ी नहीं हुई।हमारी पीढ़ी में सबसे पहले हमने ही इस गड़बड़ी को पकड़ा था। पहली फुल्की का स्वाद गले में अटका रहता तब तक रामा दूसरी फुल्की हाथ में धरे काग़ज़ पर रख देते। मुँह में जाते ही पहली और दूसरी फुल्कियाँ मिल कर एक हो जातीं और यहीं से गिनती का क्रम बिगड़ता था। अभी मुँह से पहली सिसकारी निकली नहीं कि रामा बोल देते - "हो गइल चार गो"।
हमारा मानना था कि फुल्कियों की गिनती पहली सिसकारी से शुरू होनी चाहिए और जब आँखों से बहता हुआ तीतापन फुल्कियों के खारेपन से मिलने लगे तब चार कहिए, आठ कहिए, दस कहिए... जो भी कहिए सब मंज़ूर।
                       ज़िंदगी की रेस में हम चाहे कितने भी बड़े धावक क्यों न हों समय हमसे भी तेज़ है। बहुत बार तो हम खुद ही चौंक पड़ते हैं कि अरे! हमारी जिंदगी हमीं से आगे कैसे निकल गई!
बचपन के खेल, बचपन के साथी और बचपन की फुल्कियाँ सब जैसे पीछे छूट गए। फिर भी रामा दिख भर जाएँ तो अब भी उनकी फुल्कियाँ खा ही लेता था।
इधर प्रतियोगिता आधारित बाजार ने जीवन के हर क्षेत्र को प्रभावित किया है। क्या छोटा क्या बड़ा! क्या अमीर क्या गरीब!
आप सैमसंग का पुराना मोबाइल छोड़ कर 'रेडमी नोट-एट' लिए घर की चौखट तक आए, तब तक 'नोट-नाइन' आ गया होगा। 'नोट-नाइन' को हाथ बढ़ा कर पकड़ा और दरवाज़े तक आए, तब तक 'नोट नाइन - मैक्स' आ गया। 'मैक्स' तक पहुँच बनाई तब तक 'नाइन मैक्स-प्रो' आ गया। और कमाल तो यह कि पहले वाला सैमसंग खरीदे ही अभी साल भर नहीं हुआ।
रामा इस प्रतियोगिता से अछूते कैसे रहते। अब नई उम्र के लड़के जीन की पैंट और टेरीकाट के छापे वाली शर्ट के दोनों किनारों को नीचे से बाँध कर बाजार में उतरे। जिनके ठेले रंगीन थे और जिनके आने से आसपास का माहौल "वो लड़की नहीं जिंदगी है मेरी" जैसे गानों से रंगीन हो जाता। रामा बाज़ार की इस चाल से चित्त हो गए और स्कुलिहा लड़कों में धीरे-धीरे रामा की पकड़ छूटती गई। इस घाटे को पूरा करने के लिए उनके पास बस एक ही उपाय था।
                       उस दिन मैंने तीसरी फुल्की ही मुँह में डाली थी कि रामा ने हाथ रोक लिया - बस! हो गईल।
मैं चौंक पड़ा था - "मरदे! कवनो किरिया खिया लऽ।अभी तीने गो भइल बा" ।
रामा उदास हो गए- "पियाज पचास रुपिया हो गइल बा आ मैदा अस्सी रुपिया। चना...। पाँच रुपिया में तीने गो मिली अबसे" ... ।
मैं उनकी बात काटी - "ठीक बा नया रेट काल्हु से लागी। आज खियावऽ" । और इस तरह एक और फुल्की खा कर ही हटा।
                      जिंदगी फिर अपनी रफ्तार से दौड़ती रही। हर कोई अपने हिस्से की दौड़ में खो गया रामा भी और मैं भी।मैंने काॅलेज़ ज्वाइन कर लिया। इधर रामा दिखते भी थे उसी तरह अपने पुराने से ठेले पर साँवली - साँवली फुल्कियों के साथ। बहुत बार मन हुआ कि खा लूँ लेकिन तात्कालिक काम की जल्दबाजी या बड़कपन के बोझ ने रुकने न दिया।
कई बार घर से बस फुल्कियाँ खाने की सोच कर स्कूल तक गया भी लेकिन रामा नहीं दिखे।
अगले दिन फिर गया फिर उनकी जगह खाली थी। मैंने बगल की स्टेशनरी वाली दुकान में पूछा - "रामा हो? कहाँ गए" ?
दुकानदार ने बताया - "हाँ! उनके घर बँटवारे का झगड़ा चल रहा है" ।
मैं हँस पड़ा था - "हाथ भर के घर में भी हिस्सा लगेगा" !
आदमी की औलाद हर बार आदमी ही हो यह जरूरी नहीं। रामा ने घर में सरहद नहीं हिज़रत कबूल की। और पूरे जिले में उनको मेरे ही गाँव का एक छोटा सा टोला मिली बसने के लिए।
इस तरह तीन - चार साल से रामा का ठेला मिडिल स्कूल के पास नहीं मेरे गाँव के मोड़ पर लगने लगा था।भाग्य को जिन थोड़े-बहुत बातों पर धन्यवाद दे सकता हूँ उनमें एक बात यह भी थी कि अब कहीं से भी घूम कर आने पर फुल्कियाँ आसानी से उपलब्ध हो सकतीं थीं। रामा नियमित रूप से मोड़ पर अपनी बढ़ती जा रही उम्र और मँहगाई के बीच ठेले को चट्टान की तरह टिका कर खड़े रहते थे। न बहुत कुछ की जरूरत ही थी उन्हें न बहुत कुछ खो जाने का डर ही। खुशी के लिए इतना काफ़ी था।
                     कुछ महीनों पहले ज़िंदगी की इस दौड़-भाग में अचानक कोरोना का प्रवेश हुआ। जब बड़े - बड़े शहर जहाँ के तहाँ रुक गए तो हम गाँव - देहात को कौन पूछता है! स्कूल, काॅलेज़, दुकान, बाजार सब बंद। पुलिस की काली - काली डरावनी गाड़ियों का शोर उन दिनों को और भी भयावह बना देता था। हमारे सामने एक अदृश्य शत्रु था जिससे तमाम लोग भूखे पेट लड़ रहे थे।
गाँव फिर भी शहरों की तुलना में कुछ ठीक हालत में थे। यहाँ चावल, दाल, गेहूँ और आलू पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध था। इसके आगे की चीज़ें वैसे भी अय्याशी की श्रेणी में आती हैं।
सरकार ने आम जनता के लिए राशन की उपलब्धता सुनिश्चित की। लेकिन सरकारी गोदामों से गरीबों के पेट तक गेहूँ को आने में कई बार व्यवस्था की चक्की में पिसना पड़ता है। कुछ लोगों के राशन के लिए नोडल अधिकारी महोदय को कई बार फोन करना पड़ा। साधारण से दवा के छिड़काव के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय तक को तकलीफ़ में डालना पड़ा। उस समय जिससे जैसे बन रहा था वो अपने से नीचे की मदद कर रहा था।
धीरे-धीरे पहले लाॅक - डाउन का प्रथम चरण बीता। कुछ बंद दुकानों के ताले खुले। कुछ रेहड़ी और ठेले वालों ने सड़क का शृंगार करना शुरू किया।रामा भी अपने ठेले पर फुल्कियाँ सजाए मैदान में उतर चुके थे। लेकिन लोग बाहर कुछ भी खाने से डरते थे।
मैं रामा के पास रुका और कहा - फुल्की खिलाइए!
रामा ने चुपचाप काग़ज़ का टुकड़ा बढ़ाया। एक फुल्की खा लेने के बाद मैं रुक गया - बस। कोरोना में बाहर का बहुत नहीं खाना चाहिए।
मेरे हाथ से पचास का नोट पकड़ते हुए रामा ने उदास मन से कहा था - खुदरा दे दीजिए।
मैंने कहा - रखिए। बाद में ले लूँगा।
मुड़ कर जैसे ही आगे बढ़ा। रामा ने आवाज दी - माट्साहब!!
मुझे यकीन नहीं हुआ कि रामा ने मुझे बुलाया है। मैंने मुड़ कर देखा।
- "हाँ! आप ही को बुला रहा हूँ" ।
सहसा किसी ने भीड़ में नंगा कर दिया हो। अब इस संबोधन के बाद फुल्कियों में तीन - पाँच करना अपराध जैसा लगने लगा। यही सोच कर शर्म आ रही थी कि रामा मुझे अध्यापक जान कर भी सालों से अधिक फुल्कियाँ खिला रहे थे लेकिन कभी ज़ाहिर नहीं किया।
मैंने कहा -" हाँ रामा बताइए" !
उन्होंने पूछा - "बी. ए. में एडमिशन हो रहा है" ?
मैंने बताया - "नहीं अभी तो नहीं, लेकिन अगस्त लास्ट से होने लगेगा। बात क्या है" ?
उन्होंने धीरे से कहा - "एगो रिश्तेदारी के लड़की के एडमिशन करावे के बा लेकिन पइसा नइखे"।
मैंने फुल्कियों के टोकरे से एक कागज़ निकाला और अपना नंबर लिख कर देते हुए कहा - ये मेरा नंबर है। लड़की को दे दीजिएगा। लाइब्रेरी से कुछ किताबें भी मिल जाएँगी।
रामा ने चुपचाप काग़ज़ मोड़ कर कुरते की जेब में रख लिया था।
                     ये परसों शाम की बात है लेकिन कल सुबह रामा ने किसी का भी एहसान लेने से मना कर दिया। किसी मास्टर साहब का भी और शायद मेरा भी .... ।
असित कुमार मिश्र
बलिया
(फोटो : अब नई उमर के ठेले पर फुल्कियाँ खाते नई उमर के बच्चे)










Saturday, May 9, 2020

सेवा में,
लोक सूचना अधिकारी
विकास खण्ड - नवानगर
जनपद-बलिया, उत्तर प्रदेश
विषय - सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत आवेदन।
महोदय,
मैं प्रार्थी अशोक कुमार राजभर ग्राम पंचायत चक भड़िकरा का निवासी तथा भारत का नागरिक हूँ। मुझे ग्राम पंचायत चक भड़िकरा के संबंध में निम्न दो विवरण प्रदान करने की कृपा करें -
1- ग्राम पंचायत में वित्तीय वर्ष 2019 - 20 द्वारा लगाए गए सोलर लाइट्स के संबंध में निम्न सूचना -
क - सोलर लाइट्स के लिए कितनी धनराशि स्वीकृत हुई तथा कुल कितने सोलर लाइट्स ग्राम पंचायत में लगाए गए?
ख - प्रति सोलर लाइट का मूल्य, वाट (वोल्ट) तथा उसके बिल की छाया प्रति
ग - एजेंसी के द्वारा कार्य समाप्त होने की तिथि अथवा चालू कार्य की स्थिति
घ - जिन सार्वजनिक स्थानों पर लाइट लगाया गया उस स्थान का नाम या संकेत।
2- ग्राम पंचायत में वित्तीय वर्ष 2019 - 20 द्वारा "इण्डिया मार्का हैंडपंप रीबोर" तथा "हैंडपंप मरम्मत कार्य" के संबंध में निम्न विवरण प्रदान करने की कृपा करें - क- हैंडपंप रीबोर कार्य के लिए कितनी धनराशि स्वीकृत हुई? 
ख- हैंडपंप मरम्मत कार्य के लिए कितनी धनराशि स्वीकृत हुई?
ग - रीबोर किए गए हैंडपंपों की क्रमांक संख्या तथा स्थान का नाम या संकेत
घ - मरम्मत किए गए हैंडपंपों की क्रमांक संख्या तथा स्थान का नाम या संकेत
ड़ -  कार्य करने वाली एजेंसी का नाम तथा भुगतान किए गए धनराशि की रसीद

                       प्रार्थी आवेदन शुल्क के रूप में 10 रुपये का नोट संलग्न कर रहा है जिसका क्रमांक - - - - - - - - - है।
यदि माँगी गई सूचना आपके विभाग /कार्यालय से संबंधित नहीं है तो सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की धारा 6(3)का संदर्भ ग्रहण करते हुए मेरा आवेदन संबंधित लोक सूचना अधिकारी को पाँच दिनों की समयावधि के अंतर्गत हस्तानान्तरित करें। साथ ही अधिनियम के प्रावधानों के तहत सूचना कराते समय प्रथम अपील अधिकारी का नाम व पद अवश्य बताएं।
संलग्नक -
दस रुपये का नोट
स्थान
दिनांक                        प्रार्थी - अशोक कुमार राजभर
मोबाइल नंबर - 09565101797

Tuesday, April 7, 2020

आवेदन पत्र

सेवा में ;
लोक सूचना अधिकारी
विकास खण्ड - नवानगर
जनपद-बलिया
उत्तर प्रदेश
विषय - सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत आवेदन
महोदय,
मैं प्रार्थी असित कुमार मिश्र ग्राम पंचायत चक भड़िकरा का निवासी तथा भारत का नागरिक हूँ।
1- चकभड़िकरा ग्राम पंचायत के संबंध में निम्नलिखित विवरण प्रदान करें :-
वित्तीय वर्ष 2018-19और 2019-20 में ग्राम पंचायत चकभड़िकरा को किन - किन मदों /योजनाओं के तहत कितनी राशि आवंटित की गयी?
आवंटन का वर्षवार ब्यौरा दें।
2- उपरोक्त ग्राम पंचायत द्वारा इस दौरान कराए गए सभी कार्यों से संबंधित निम्नलिखित विवरण दें :-
क- कार्य का नाम /संक्षिप्त विवरण
ख- कार्य के लिए स्वीकृत राशि
ग- कार्य समाप्त होने की तिथि अथवा चालू कार्य की स्थिति
घ - चालू कार्य पर भुगतान हो चुकी धनराशि
च- कार्य कराने वाली एजेंसी का नाम
छ- कार्य के रेखाचित्र की प्रमाणित प्रति
ज- कार्य कराने का निर्णय कब और किस आधार पर लिया गया? इससे संबंधित दस्तावेजों की प्रति भी उपलब्ध कराएं।
झ- उन अधिकारियों /कर्मचारियों का नाम व पद बताएं जिन्होंने कार्य का निरीक्षण किया और भुगतान की स्वीकृति दी।
ञ - कार्य के वर्क आर्डर /रजिस्टर एवं लेबर रजिस्टर /मस्टर रोल की प्रति उपलब्ध कराएं।
             प्रार्थी आवेदन शुल्क के रूप में 10 रुपये का नोट संलग्न कर रहा है जिसका क्रमांक है।
यदि माँगी गई सूचना आपके विभाग /कार्यालय से संबंधित नहीं है तो सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की धारा 6(3)का संज्ञान लेते हुए मेरा आवेदन संबंधित लोक सूचना अधिकारी को पाँच दिनों की समयावधि के अंतर्गत हस्तानान्तरित करें।
साथ ही अधिनियम के प्रावधानों के तहत सूचना उपलब्ध कराते समय प्रथम अपील अधिकारी का नाम व पद अवश्य बताएं।
संलग्नक -
दस रुपये का नोट         भवदीय -
स्थान -
दिनांक

Wednesday, January 22, 2020

पोस्ट

तकनीकी से थोड़ा दूर रहना....

आजकल गाँव गाँधी आश्रम के उजरके कंबल जैसी धुंध में दिन भर लिपटा रहता है। इस धुंध में कब सुबह हो जाती है और कब साँझ, किसी को कुछ पता ही नहीं चलता। उधर खेतों में गेहूँ के मनढीठ पौधे सुबह की शीत का भार अपने कपार पर लिए दिन भर काँपते रहते हैं इधर सर से लेकर पाँव तक कपड़ों के भार से दबे रहने पर भी शरीर काँपता रहता है।
पिछले दिनों की धुआंधार बारिश से तो गाँव बच गया लेकिन लगता है यह ठंड जान लेकर ही छोड़ेगी।
धूप की स्थिति यह है कि तीन - चार दिन पर सूरज अचानक धुंध के बीच किसी कोने से सरकारी कर्मचारी की तरह निकलता है और आसमान के रजिस्टर पर साइन बना कर ओझल हो जाता है। दिन भर ओसारे में जलते अलाव को घेर कर बैठा हुआ गाँव अपने आप में भी धीरे-धीरे सुलगता रहता है - सैकड़ों बातों की गर्मी में... हज़ारों वादों की गर्मी में और लाखों उम्मीदों की गर्मी में।
परभुनाथ चचा सामने बैठे पूरन सिंघ से पूछ बैठते हैं -अच्छा! दिन तो बीत गया होगा न?
पूरन सिंघ "अबकी बार चार सौ पार" नामक व्हाट्स-ऐप ग्रुप के एडमिन हैं। मैसेज़ के अक्षरों पर कत्थक करती उनकी उंगलियाँ जैसे ठहर सी जातीं हैं - का बोले हैं! "अच्छा दिन" बीत गया? कान खोलकर सुन लीजिए! दुई हजार पचास तक आपके अखिलेश बाबू नहीं आने वाले...।
मन मसोस कर रह गए परभुनाथ चचा। बड़ी उम्मीद से तीन साल पहले एक फेसबुक ग्रुप बनाया था - "युवा देश युवा अखिलेश"।
लेकिन दो साल बीतते - बीतते वह ग्रुप समाज से सिमट कर परिवार तक ही रह गया। अब वहाँ सिर्फ परभुनाथ चचा पोस्ट करते हैं और अपनी ही चारों आईडी से लाइक करके दिल को समझा लेते हैं कि एक न एक दिन देश में समाजवाद जरुर आएगा।
कपार पर हाथ रखकर बोले परभुनाथ चचा - मरदे! हम राजनीतिक बात नहीं किए! हम तो बस पूछ रहे थे कि दिन अभी केतना बचा है?
तभी ओसारे के भीतर का दरवाज़ा खोल कर चाची एक हाथ में संझवत का दिया और दूसरे हाथ से घंटी टुनटुनाते हुए निकलीं। मुँह से हमेशा की तरह श्लोक ही झर रहे थे - "अपने तो न कोई काम है न धाम। आ ऊपर से एगो आ गया है मुँहझौंसा मोबाइल! दिन-रात बस टिप - टिप, टिप-टिप... " ।
              चाची तुलसीचौरे पर दिया रखकर चलीं गईं। दिए की हिलती - डुलती लौ को देखते हुए रजेसवा ने कहा - परभुनाथ चचा! मटर नहीं बोवाया है का हो!
परभुनाथ चचा थोड़ा तन गए और बोले - उन्नीस सौ सत्तर के बाद कोई ऐसा साल नहीं बीता जिस साल कियार के खेत से तीन कुंतल मटर न निकला हो!
तभी अलाव के धुएँ से 'सेक्युलर हिंदुओं' की तरह आँखें बंद किए रजेसवा बोल पड़ा - का फायदा ऊ तीन कुंतल मटर होने से जब ओसारे में बैठे दु - चार आदमी को देखने तक को न मिले।
अपनी ही बातों में फंसे परभुनाथ चचा बेमन से उठे और अंगना में चाची के पास जाकर खड़े हो गए। लेकिन साफ़ साफ़ कहने की हिम्मत नहीं हुई। इसलिए बात को दूसरे तरह से कहा - सरसों का तेल घर में होगा कि नहीं?
चाची ने कहा - हाँ, है।
आ हरियर मरिचा भी होगा न?
चाची ने अबकी आँखें दिखा कर कहा - हूँ ऽऽ।
परभुनाथ चचा ने आखिरी चाल चलते हुए कहा - भूख जैसा लग रहा है दू अंजुरी मटर भून दीजिए न!
चाची ने उनके चाल की काट करते हुए पूछा - लगी है भूख? ई कांहे नहीं कह रहे हैं कि ओसारे में जमे डीह - देवता लोगों को खिलाना है!
परभुनाथ चचा ने नरमी से समझाया - देवनथवा की माँ! समाजवाद यही कहता है कि सबको खिला कर आप खाइए! अपना पेट तो जानवर भी भर लेता है...।
चाची ने दाँत पीसते हुए कहा - "ये अपना समाजवाद ओसारे में जाकर उन्हीं लोगों को समझाइए। पूरन सिंघ के छज्जे से कम से कम पचास गो लौकी तुराया होगा। कांहे नहीं एक लौकी लाकर दुआर पर पटक दिए! अवधेसवा की भैंस एतना दूध देती है आज तक जोरन भी नहीं निकला उसके तीनों दयादी से..." ।
परभुनाथ चचा ने हैरानी से चाची की ओर देखा और सोचा - आखिर कौ जीबी का मेमोरी है इसके दिमाग में कि पूरे गाँव की एक छोटी सी बात से लेकर किसके तरकारी में कितना नमक पड़ता है, सबका हिसाब रखे रहती है।
उधर ओसारे में अलाव पर दो - तीन लकड़ियाँ और रख दी गई थीं ताकि आग थोड़ी देर तक और रह सके।
                   मटर भूनने की महक भर आने की देर थी कि बगल से रामानंद चौधरी भी चले आए। सबने थोड़ा - थोड़ा सरक कर उनके लिए भी जगह बनाया। रामानंद को बैठे हुए थोड़ी देर हुई थी कि पूरन सिंघ बोल पड़े - कहीं कुछ जलने की महक आ रही है क्या?
रामानंद जी बड़े पर्यावरण संरक्षक के तौर पर सोशल मीडिया में उभरे हैं। फेसबुक पर बिना पौधे लगाने की पोस्ट किए नहाते - खाते नहीं हैं। उन्होंने फेसबुक ही खोला था। एक कमेंट को लाइक करते हुए उपदेशक की भांति कहा उन्होंने - तुम लोगों को अपने - अपने नेताओं से फ़ुरसत मिलेगी तब न जानोगे कि अमेजन के जंगल में आग लगी है और जंगल खतम होने की देर है साक्षात परलय होगा परलय...!
तभी रजेसवा ने झटके से उठ कर अलाव के कोने पर सुलगती उनकी चादर हटाते हुए कहा - मरदे! जंगल - वंगल नहीं आपके चादर का हई कोना जल रहा है।
रामानंद जी ने देखा अमेजन के जंगल के साथ-साथ उनके ऊनी चादर का एक कोना भी ठीक-ठाक जल चुका था और ओसारे के भीतर मटर की घुघनी खाते हुए अब एनआरसी पर बहस छिड़ चुकी थी.... ।
                    ठीक उसी समय ओसारे के बाहर दुआर पर भी एक गाँव था। जिसमें न फेसबुक था, न व्हाट्स-ऐप, न ट्विटर और न ही लाइक-कमेंट। वहाँ पाँच - छह छोटे - छोटे बच्चे थे और बच्चों के बीच में भूरी देह पर सफेद चकत्ते लिए छोटा सा 'मोतिया' था। जिसके चारों पैरों में बच्चों ने सरसों की पायल पहनाई थी और कमर में सरसों की करधन।पूँछ में बाँधी गई सरसों के फूलों की लंबी लड़ियाँ और कानों में सरसों के फूल। मोतिया को सजाते हुए चिरइया बोल रही थी - "पहिन लो सरसों तो गाँव का सिंगार होता है ..." ।
उधर रजेसवा ने यू-ट्यूब पर प्रधानमंत्री का "परीक्षा पर कार्यक्रम" लगा दिया है जिसमें वो कह रहे हैं कि - दिन में कुछ ऐसा समय होना चाहिए कि आप खुद को तकनीकी से दूर रखें। तकनीकी से थोड़ी दूर रहना अपने थोड़े पास हो जाना है....

असित कुमार मिश्र
बलिया
              

Monday, January 6, 2020

पंचाङ्ग

बच्चों के प्रारम्भिक बोध के लिये लिखा है,
पञ्चाङ्ग के महीनों के आगे कोष्ठ में गैगेरियन कैलेंडर 2020-21 की डेट अंकित कर दी है - जिससे समझने में आसानी हो,

प्रत्येक माह में कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष बोल कर 15-15 दिन होते हैं, जब रात अंधेरी तो कृष्ण पक्ष, और जब उजली तो शुक्ल पक्ष,
पहले दिन को एकम या प्रतिपदा बोला जाता है -फिर द्वितीया या दूज, तृतीया या तीज, चतुर्थी या चौथ,पंचमी, षष्ठी-छठ, सप्तमी, अष्टमी, नवमी, दशमी, एकादशी, द्वादशी, त्रयोदशी -तेरस, चतुर्दशी - चौदस, कृष्ण पक्ष के अंतिम दिन को अमावस और शुक्ल पक्ष के अंत को पूर्णिमा बोला जाता है.
(यह विद्वानों के लिये नहीं है )

बसन्त, ग्रीष्म, वर्षा, शरद, हेमन्त और शिशिर
इन छह ऋतुओं के दो-दो माह -

१. #चैत्र (21मार्च-20अप्रैल)

चैत, चइत, चैत्र कृष्ण प्रतिपदा यानी एकम से आरम्भ होता है, परन्तु शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को गणेश-पूजन, कलश स्थापन, देवी पूजन से श्री रामजन्मोत्सव, नवमी तक मनाते हुये - सोल्लास वर्षारम्भ होता है,

चैती एक गायन विधा भी है,

चैतन्यता का प्रतीक है चैत्र !

चैत्र नामक स्वारोचिष मन्वंतर के मनु-पुत्र का भी नाम था.

चित्रा नक्षत्र से सम्बद्ध होने के कारण पहले महीने का नाम चैत्र पड़ा,

इस महीने के पहले दिन ब्रह्मा ने सृष्टि का चित्र खींचा.

२. #वैशाख (21अप्रैल-21मई)

बैसाख, बइसाख में बसन्त से ग्रीष्म ऋतु में प्रवेश कराता है, रवि गेहूँ आदि की फसल पक कर तैयार होती है, शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को मनाते हैं वैशाखी.

इसी माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया को अक्षय-तृतीया बोलते हैं,

शुक्ल पक्ष चौदस को नृसिंह प्राकट्य भी मनाते हैं.

३. #ज्येष्ठ (22मई-21जून)

जेठ शब्द से परिचित ही होंगे,
यह 'बड़े' के रूप में प्रयुक्त होता है, वट सावित्री व्रत इसी माह की कृष्ण अमावस्या को मनाते हैं, शुक्ल पक्ष की दशमी को गंगा-दशहरा, फिर निर्जला-एकादशी और द्वादशी को नारद-जयन्ती.

४. #आषाढ़ (22जून-22जुलाई)

असाढ़ बोलते पूरब के भइया लोग मिल जायेंगे,

शुक्ल पक्ष की द्वितीया रथयात्रा और पूर्णिमा को व्यास या गुरु-पूर्णिमा.

५. #श्रावण (23जुलाई-22अगस्त)

सावन बोलते ही हृदय झूला झूलने लगता है, हरियाली ही हरियाली, शुक्ल तृतीया ही हरियाली तीज है, और पंचमी नाग-पञ्चमी, शिव भक्तों की बम बम और कृष्ण भक्तों की राधे राधे श्रवण कराने के लिए ही श्रावण सावन आता है.
इसी मास की शुक्ल पूर्णिमा रक्षा बन्धन - राखी नाम से जानी जाती है.

६. #भाद्रपद (23अगस्त-22सितम्बर)

भादों यानी भाद्र पद में दुनिया के सबसे भद्र ने पृथ्वी पर अपना पद यानी पाँव रखा - भाद्र पद की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को श्रीकृष्ण का जन्म हुआ - श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बोलते हैं. शुक्ल पक्ष की अष्टमी "राधाष्टमी".

कृष्ण पक्ष की षष्ठी यानी छठ हल षष्ठी या ललही छठ भी बोली जाती है, कृष्ण अमावस्या को कुशोत्पाटनी अमावस्या बोलते हैं.

७. #आश्विन (23सितम्बर-22अक्टूबर)

बोलचाल की भाषा में क्वार या कुआर भी बोला जाता है,

कृष्ण प्रतिपदा से अमावस्या तक की अवधि ही पितृ पक्ष बोली गयी - मानो अपने कुल के जनों का स्मरण कराता है - आश्विन का प्रथम पक्ष. इसी मास के द्वितीय यानी शुक्ल पक्ष से शारदीय नवरात्र आरम्भ हो जाता है, जो कि नवमी को पूरा हो दशमी को विजय दशमी - दशहरा बताता है, शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा यानी शरद-पूर्णिमा के साथ यह माह पूरा होता है.

८. #कार्तिक (23अक्टूबर-23नवम्बर)

कातिक बोलते हुए गंगा नहान का जो मजा है वह तो वही जाने जो कातिक नहाया हो. यह पूरी तरह से लोडेड माह है - "सात वार तेरह त्योहार" वाली कहावत को पूरी करता है -
कृष्ण द्वादशी - गोवत्स द्वादशी
कृ. त्रयोदशी - धन-तेरस, धन्वन्तरि जयन्ती
नरक चतुर्दशी, हनुमान जयन्ती
अमावस्या - दीपावली

शुक्ल द्वितीया - भाई दूज
शुक्ल षष्ठी - सूर्य षष्ठी डाला छठ
शुक्ल अष्टमी - गोपाष्टमी
शुक्ल एकादशी - तुलसी विवाह
शुक्ल चतुर्दशी - वैकुण्ठ-चौदस
शुक्ल पूर्णिमा - कार्तिक पूर्णिमा

९. #मार्गशीर्ष (24नवम्बर-23दिसम्बर)

गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने अपने आपको महीने में मार्गशीर्ष कहा -
मासानां मार्गशीर्षोSहम् 10.35,

मृगशिरा नक्षत्र पर इस माह की पूर्णिमा पड़ती है, अतः इस माह का नाम मार्गशीर्ष पड़ा. अग्रहायण को बोलचाल में इसे अगहन या अघहन भी बोलते हैं, अघ यानी पाप को हन मारनेवाला, या अ गहन - जिसमें सरलता हो .

इसी माह की शुक्ल पञ्चमी को सीता-राम विवाह हुआ.

१०. #पौष (22दिसम्बर-20जनवरी)

पूस की रात पढ़ते ही रोआ सिहर गया था, इसके शुक्ल  पक्ष में सूर्य धनु राशि को छोड़ मकर राशि में प्रवेश करता है। उस दिन मकर संक्रांति , खिचड़ी पोंगल मनाते हैं.

११. #माघ (21जनवरी-19फरवरी'21)

माघ शुक्ल पञ्चमी यानी सरस्वती पूजा, बसन्त ऋतु का पदार्पण.

१२. #फाल्गुन (20फरवरी-20मार्च'21)

फागुन में फगुनहट चढ़ते ही होली और फाग की आग धधक उठती है, कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को शिव-विवाह हुआ, जिसे शिव-रात्रि बोलते हैं - उससे पहले वाली एकादशी - रंगभरी एकदशी बोली जाती है, और होली खेल पूर्णिमा बोल - फाल्गुन वर्ष पूरा कर जाता है.

___
लोक गीतों ने हर माह के अलग अलग गीत गाये हैं,

तुलसीदास जी ने और जायसी ने बारहमासा रचा है,

घाघ, भड्डर और भड्डरी ने अनेक कहावतें इन महीनों के नाम ले लेकर कहीं हैं,

विकिपीडिया पर भी हर माह की जानकारी उपलब्ध है,

जन्म जयन्ती तिथियों और भी पर्वो के बारे में विस्तार भय से संकोच हुआ.
💐
बहुत सी बातें लेख लम्बा होने के डर से नहीं उल्लेखित की गयीं,
फिर कभी ....

साभार
सोमदत्त द्विवेदी जी

Thursday, January 2, 2020

आवेदन पत्र

सेवा में ;
जिला समाज कल्याण अधिकारी अधिकारी बलिया ।

विषय :- छात्र /छात्राओं के संदेहास्पद डाटा के सम्बन्ध में -

महोदय! आपके पत्रांक संख्या C-5563. दिनांक 17 दिसम्बर 2019 का संदर्भ ग्रहण करते हुए, दशमोत्तर छात्रवृत्ति आवेदन करने वाले उन सभी छात्र - छात्राओं की सूची निर्दिष्ट प्रारूप में संलग्नकों के साथ प्रेषित की जा रही है जिनका आवेदन पत्र संदिग्धता की श्रेणी में आ गया है।
प्राचार्य
श्री किशुन काॅलेज़ चक उजियारी बलिया