Monday, May 24, 2021

जिसका कोई अर्थ नहीं...

कभी-कभी सोचता हूँ कि, जिनके होने से हमारा होना तय होता है उनका न होना कैसा होता होगा?
या फिर जिनका होना हमें एक लंबी प्रक्रिया में उलझाए रखता है, कभी दुःख में, कभी सुख में, कभी खीझ में या फिर कभी उलाहने में। अचानक उस होने की जगह एक अनचाही रिक्तता या शून्यता घेर ले तो वो लोग खाली बैठ कर क्या करते होंगे?
ऐसा क्या करते होंगे कि जिससे वो खुद को व्यस्त रख सकें यह जानते हुए भी कि इस हर व्यस्तता के पीछे का कारण उस व्यक्ति का खालीपन ही है.... ।
                       जहाँ तक याद है नवंबर 2019 का कोई दिन रहा होगा। उस दिन कुछ दोस्तों के साथ सामूहिक भोजन का कार्यक्रम बन रहा था। तय हुआ कि आज इलाहाबादी व्यञ्जनों से भोग लगेगा।
इलाहाबाद इस लिहाज़ से भी बहुत अच्छा है कि वहाँ (डीबीसी) दाल - भात - चोखा भी व्यञ्जनों में सम्पूर्णता का बोध कराता है।
यूँ रात्रि के प्रथम प्रहर में जब सब्जी वाले बिन बिकी सब्जियों पर पानी का आखिरी छींटा मार रहे होते हैं और सब्जियाँ भी ताजी दिखने के लिए अपना आखिरी जोर लगा रहीं होतीं हैं। ऐसे ही संधिकाल में हमने कुछ टमाटरों को हाथ लगाया था - भैया! कैसे दिए?
इधर टमाटर भी लाज के मारे और लाल हुए जा रहे थे उधर सब्जी वाले ने हँस कर कहा था - अब क्या भाव देखना है! ले लीजिए जितना लेना हो।
इस तरह जब देर से सब्जियाँ खरीदी गईं तो भोजन में भी देर होना ही था। फिर भी लगभग आठ बजे भोजन बन कर तैयार हो गया था।
                             हँसी - ठहाकों के बीच भोजन का कार्यक्रम चल ही रहा था कि बलिया से आनंद का फोन आया। आनंद ने बताया कि " फेसबुक के अनिमेष वर्मा भइया के मम्मी - पापा बक्सर में किसी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे लेकिन बलिया में उनकी गाड़ी खराब हो गई है । हर पाँच - सात किलोमीटर पर गाड़ी गरम होकर बंद हो रही है ।अब वो लोग सिकन्दरपुर की तरफ़ जा रहे हैं "।
मैंने कहा  -" आनंद भाई! जब ऐसी बात थी तो उन लोगों को बलिया में ही कहीं रोक लेना चाहिए था। अच्छा ठीक है उन लोगों का कोई नंबर हो तो भेजिए मुझे।
भोजनोपरांत मैंने मित्र अशोक जी को रोक लिया। और आनंद के दिए नंबर पर फोन किया।
उधर से घबराहट में लोकेशन बताया गया।
जिससे मुझे पता चला कि कच्छप-गति से चलती हुई भी गाड़ी लगभग पैंतीस किमी की दूरी तय करके मेरे कस्बे से पाँच किमी दूर निकल गई थी लेकिन अब आगे जाने से साफ़ मना कर चुकी थी।
रात के साढे नौ से कुछ अधिक का समय गाँव - देहात में "सुबरन" को खोजने वाले तीनों कोटियों के लोगों के लिए ही अधिक उपयुक्त माना जाता है।
मैंने मोबाइलधारी महाशय को जो शायद सहयोगी और कर्मणा ब्राह्मण ही थे। उनको सांत्वना दी कि आप लोग एकदम न घबराएँ। मैं यहीं का हूँ और पाँच मिनट में आ रहा हूँ।
                       पाँच मिनट से भी कम समय में हमने उनकी गाड़ी का दरवाज़ा खोला। एक तरफ़ अशोक जी गाड़ी का निरीक्षण करने लगे दूसरी तरफ़ मैंने कहा - माताजी! मेरा नाम सोनू है अनिमेष वर्मा भइया का दोस्त हूँ।पास में ही घर है चलिए।
माताजी के हाथ का दबाव अपने बैग पर बढ़ गया।
उन्होंने अनिमेष भइया को फोन किया - "कोई सोनू नाम का लड़का आया है तुम्हारा दोस्त बता रहा है"।
जैसा कि होना ही था उधर से सोनू नाम से अनभिज्ञता ज़ाहिर की गई। माताजी ने उस बैग को थोड़ा और कस कर पकड़ लिया जिसमें शायद कुछ पैसे, एटीएम कार्ड या छोटे - मोटे गहने रहे होंगे।
ना चाहते हुए भी मुझे हँसी आ गई। एक तो रात का समय दूसरे हमारे बलिया की गौरव गाथा उस पर सोनू नाम की अनंत महिमा। लगता है इन तीनों से माताजी परिचित थीं।
माताजी ने कहा - अंशु तो कह रहा है कि वो तुम्हें नहीं जानता।
मैंने कहा - कौन अंशु?
अब तक माताजी को इतना यकीन हो गया था कि उनका सामान उनसे छिनने वाला है।
मैं हँस पड़ा। जिस फ़ेसबुक की दुनिया के हम लोग निवासी हैं।जहाँ एक दूसरे पर भरोसा है, हज़ारों-हज़ार रुपये का लेन देन होता है। ग्रुप्स बनते हैं, वैचारिक क्रांतियाँ होतीं हैं, रूठना - मनाना होता है, माताजी उससे सर्वथा अनजान थीं।
थोड़ी बहुत ग़लती मुझसे भी हुई। मुझे वह नाम बताना था जिससे अनिमेष भैया मुझे जानते थे। लेकिन सच कहूँ तो अपने आसपास या परिजनों से 'आफिशियल' नाम बताने में बड़ी शर्म आती है।
माताजी ने कहा कि - तुम अनिमेष के दोस्त हो और तुम्हें यह नहीं पता कि अंशु उसी का नाम है!
मैंने कहा - माताजी! मेरी बात कराइए न अनिमेष भैया से बस एक मिनट।
उस एक मिनट का कमाल ये हुआ कि उधर अनिमेष भैया जान गए कि असित और सोनू एक ही हैं इधर मैं भी जान गया कि अनिमेष और अंशु भी एक ही हैं।
मैंने अनिमेष भैया से कहा कि "भैया! मैं घर लेकर जा रहा हूँ कल गाड़ी ठीक करा के घर भेजवा दूँगा"।
अनिमेष भैया ने कहा कि - इसकी ज़रूरत नहीं है असित भाई। कोई गाड़ी मिल जाए तो घर भेजवा दीजिए बस।
लेकिन मेरा मानना था कि सौभाग्य या दुर्भाग्य जैसे भी हो यहाँ तक आ ही गए हैं तो घर भी चरण-रज से पवित्र हो ही जाए!
मैंने फिर माताजी पर दबाव बनाया घर चलने के लिए। लेकिन उन्होंने बगल में बैठे पिता जी की तरफ़ संकेत करते हुए कहा - "इनका आक्सीजन कम हो रहा है। रात को रिफिलिंग की जरुरत लगेगी इसलिए हम लोग रात में कहीं रुकते नहीं हैं" ।
अब मैंने ध्यान से देखा - सच में नीचे एक बाक्स रखा था जिससे एक पतली पाइप निकल कर उनके नाक से सटी हुई थी। उस धैर्य के देवता ने मुस्कुराते हुए कहा - "हाँ! बेटा। बस घर तक जाने का इंतज़ाम कर दो। अगली बार आएँगे तो ज़रूर तुम्हारे घर चलेंगे"।
                       इसके पहले मैंने इस तरह का मामला नहीं देखा था। मैंने अनिमेष भैया को फोन करके कहा भी - भैया इस स्थिति में तो हमारे यहाँ गऊ-दान की तैयारी होने लगती है और ये लोग धार्मिक आयोजनों में भाग ले रहे हैं... कमाल है!
दु:ख की कथा यही है कि जो हमारे लिए अत्यन्त पीड़ादायी होता है, हम सोचते हैं कि सारी दुनिया में एक हम पर ही यह विपत्ति क्यों आई! दूसरे उससे भी बड़े दु:ख के अभ्यस्त हो चुके होते हैं और वह दु:ख उनकी जिंदगी का हिस्सा बन चुका होता है।
अनिमेष भैया ने हँसते हुए कहा - नहीं! नहीं! पापा सालों से ऐसे ही रहते हैं। इसीलिए हमने आक्सीजन की व्यवस्था घर पर ही कर रखी है।
                सीवान जिले का चरित्र भी बलिया की तरह ही है। इसका आभास तब हुआ जब मैंने कुछ गाड़ियों के मालिकों से बात की। कोई भी रात के दस बजे सीवान जाने के लिए तैयार नहीं हुआ।
अचानक चंचल भइया की याद आई। मैंने उन्हें फोन किया - क्या हो रहा है ?
उन्होंने कहा - खाना खा रहा हूँ।
मैं हैरान रह गया। जो अभी पंद्रह मिनट पहले भर पेट डीबीसी खाया था वो अब किस पेट में खाना खा रहा है!
मैंने कहा - अरे! अभी न खाए थे मेरे साथ...।
-भक्क! दाल भात से पेट भरता है कहीं?
मैंने मन ही मन उनका पेट छूकर प्रणाम किया और कहा कि जल्दी आइए सीवान चलना है।
                   सीवान का मेन रास्ता भागलपुर से घूम कर जाता है इसलिए जब पीपे का पुल नहीं रहता है तो यह पंद्रह किमी की दूरी सौ किलोमीटर के आसपास पड़ती है। बीच-बीच में हमारी बातें होतीं रहीं। बाबूजी ने बताया कि उनका परिवार प्रसिद्ध श्रीवास्तव परिवार है जिसमें तंग इनायतपुरी जैसे लोग हैं।
माताजी ने पूछा - कभी मिले हो अनिमेष से?
मैंने बताया कि शायद नहीं। या एक बार पँजवार के भोजपुरी सम्मेलन में दो मिनट के लिए मिला था।
उन्होंने आश्चर्य से कहा - बताओ! तब भी तुम जानते हो कि आरव की आँखें उसकी माँ जैसी हैं।
मन में आया कि कह दें - जिस तरह उनके बाल कम हो रहे हैं जल्दी ही वो सेकेंड नवीन भइया बनेंगे मैं यह भी जानता हूँ।
घर पहुँच कर भी माताजी ने राहत की साँस नहीं ली। हम लोगों के लिए चाय, पिता जी की दवाइयाँ, आक्सीजन आदि की व्यवस्था करने के बीच हम लोगों से हँस - हँस कर बातें करती रहीं... लगता ही नहीं था कि ये वही हैं जिन्हें अपने बैग की चिंता थी मुझसे थोड़ी देर पहले।
                     सीवान पीछे छूटता गया और धीरे-धीरे वो साल भी। लेकिन वो लोग, उनका स्नेह, उनकी जिजीविषा, खास तौर पर माताजी, जिनके आठों पहर के केंद्र में पिता जी ही थे,
हमेशा याद आती रही।
अभी पिछले दिनों मैंने उन्हें फोन किया था - माताजी पहचाना मुझे मैं असित। आपको शादी की पच्चीसवीं वर्षगाँठ पर बहुत बधाई...।
उन्होंने कहा - सोनू न? तुम तो सोनू ही रहोगे मेरे लिए जैसे अंशु...। तुम्हारा नंबर है मेरे मोबाइल में पहचानूँगी कैसे नहीं। खुश रहो। फिर कब आओगे....!
लगा कि उस बार सोनू बता कर ग़लती की थी इस बार असित बता कर।
                   आज जब दोनों नामों का कोई मतलब नहीं है। मेरा नंबर है उनके मोबाइल में। नाम बताने तक की भी ज़रूरत नहीं, फिर भी फोन नहीं कर पा रहा हूँ। क्या कहूँगा कि पिताजी के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए फोन किया है! मुझे लगता है कि जिस तरह अब मेरे नाम का कोई अर्थ नहीं उसी तरह मेरी शोकपूर्ण संवेदना का कोई अर्थ नहीं....कुछ बोल न पाऊँगा।

असित कुमार मिश्र
बलिया

Wednesday, May 19, 2021

भेज रहा हूँ नेह निमंत्रण

भेज रहा हूँ नेह निमंत्रण....

आजकल पूर्वांचल में गाँवों के हर गली - मुहल्ले मानस की चौपाइयों और शिव चर्चा के सुमधुर गायन से गुलज़ार हैं। पूरब तरफ़ वाले माइक से पूर्णाहुति के मंत्रोच्चार सुनाई देते हैं तब तक पच्छिम टोले से "हैलो चेक - हैलो चेक" की आवाज़ यह बताने के लिए काफ़ी है, कि थोड़ी ही देर बाद उधर वाली चौपाइयाँ सरक कर इधर आ जाएँगी ।
बीच-बीच में शिव चर्चा वाली दीदी जी का समूह भी शिव को जगा देने के लिए आलाप लेता रहता है - "जागऽऽ जागऽऽ महादेव , जगा दऽ महादेव " ... ।
डेढ़ दो घंटे बाद शिव चर्चा का यही भजन जो घर के आगे वाली खिड़कियों से मेरे कान में घुस रहा था वो अब पीछे के जँगले से आता हुआ सुनाई दे रहा है। मानों शिव चर्चा टोली को यह आभास हो गया है कि इस कोने से हमारी आवाज़ कैलास पर्वत तक नहीं पहुँच सकेगी।शिव को जगाने के लिए एंगल बदलना ज़रुरी है।
बीच - बीच में लाउडस्पीकर्स से घर्र-घर्र, किर्र -किर्र की आवाज़ें भी आतीं रहती हैं जैसे कोरोना नामक राक्षस का लोगों की भीड़ में दम घुट रहा हो...।
                 कई दिनों बाद ही बारामदे की मेज़ पर छितराए शादी - ब्याह के रंगीन कार्ड्स पर आज फिर नज़र गई। जो कार्ड्स परसों तक लगभग बीस की संख्या में थे वो आज बढ़ कर चालीस तक पहुँच गए हैं। कमबख्त कोरोना के मरीज़ों की रिकवरी रेट भी इस द्रुत गति से नहीं बढ़ रही है।ये कार्ड्स यह बताने के लिए काफ़ी हैं कि इस बार लग्न बहुत तेज़ है।
कुछेक कार्ड्स को यूँ ही उठा कर देखा। स्याही की तीखी गंध ने बताया कि एकाध तो जैसे अभी प्रेस से ही चले आ रहे हैं।
विभिन्न आकार और भिन्न-भिन्न रंग रूप के इन कार्ड्स में गणेश वंदना,सूर्य मंत्र और शादी में बुलाने वाले काव्यमय आग्रह प्रायः अलग-अलग हैं, लेकिन सभी कार्ड्स में एक बात सामान्य है - "बाल हठ"।
जो प्रायः सबमें यूँ है - "मेरे मामा की या चाचा की छादी में जलूल से जलूल आना" - (गोलू और मोलू)
लेकिन सच्चाई है कि तिलक - ब्याह के दिन पौने सात बजे ही कोने वाले घर में यही गोलू और मोलू एक में लोटियाए सोए मिलेंगे जिन्होंने आपको "जलूल से जलूल" बुलाया था। और उनकी मम्मी जिनके दोनों हाथ दोनों तरफ़ से लँहगे को पकड़ने के लिए ही बने हैं वो अब ज़बान से ही पूरे घर को संभालने में व्यस्त रहेंगी।
                      कार्ड्स की यह रंगीनियाँ और यह "बाल हठ" आधुनिक युग की घटना है जो बाजारीकरण से प्रभावित लगती है। जिसका उद्देश्य आपको हर हाल में अपने यहाँ खींच लाना है।जैसे विज्ञापनों की दुनिया में हम पाते हैं कि अब बच्चे माँ - बाप को बता रहे हैं कि कौन सा सीमेंट अच्छा है या कौन सा सरिया अच्छा है। क्योंकि मनोविज्ञान कहता है कि बच्चों की तुतलाती या मधुर आवाज़ मन पर असर करती है।
संभव है बाज़ार जब अपना अगला कदम उठाए तो अगली पीढ़ी के कार्ड्स पर "मित्र अनुरोध" कुछ यूँ लिखें मिल जाएँ - मेरे दोस्त की शादी में जरुर आइए। मैं भी आ रहा हूँ - (ऋतिक रोशन - रणवीर कपूर)
मेरी सहेली की शादी में अवश्य पधारें। मैं भी आ रही हूँ - (कंगना रानावत-दीपिका पादुकोण)
                        लेख कैसा भी लिखें किसी भी विषय पर लिखें उसमें बिहारी, गुलेरी जी और पूर्ण सिंह जैसे कवियों और लेखकों को 'टैग' मात्र कर देने से लेख की महत्ता सहस्र गुना बढ़ जाती है ऐसा फेसबुक के ब्रह्म बाबाओं का मानना है।
तो बिहारी हिंदी साहित्य में ऐसे कवि हैं जिनकी मात्र एक रचना है - बिहारी सतसई। जिससे वो साहित्याकाश में सदैव चमकते रहेंगे।
गुलेरी जी की तीन कहानियाँ हैं - सुखमय जीवन, बुद्धू का काँटा और उसने कहा था। मात्र इन्हीं तीन कहानियों से हिंदी साहित्य इनका ऋणी है।
अध्यापक पूर्ण सिंह ने छह निबंध लिखे और मात्र उन्हीं छह निबंधों के कारण निबंधों की दुनिया उनके नाम-चर्चा के बिना अधूरी है।
बिहारी ने कुल सात सौ तेरह दोहे लिखे थे सतसई में। चंद्रधर शर्मा गुलेरी जी की तीनों कहानियों में भी हजारों पंक्तियाँ होंगी और पूर्ण सिंह जी के निबंधों में भी हजारों-हजार वाक्य।
लेकिन हिन्दी में एक ऐसे कवि भी हैं जिनका कि मात्र कुछ पंक्तियों का
"काव्यमय आग्रह" उपलब्ध है। लेकिन उसकी व्यापकता, उसकी मान्यता और प्रतिष्ठा कुछ ऐसी थी कि लगभग तीन दशकों से भी अधिक समय तक वह पंक्तियाँ शादी - ब्याह के कार्ड्स पर निर्विवाद और निर्विरोध छपतीं रहीं, राज करतीं रहीं। लोकजीवन के उस स्वर्णिम दौर की गंध जिनकी आत्मा में बसी होगी, उन्हें उस समय के शादी कार्ड्स की खुश्बू याद आ गई होगी -

भेज रहा हूँ नेह निमंत्रण
प्रियवर तुम्हें बुलाने को।
हे मानस के राजहंस,
तुम भूल न जाना आने को।।
              इन पंक्तियों के रचनाकार शंभु दयाल त्रिपाठी "नेह जी" महादेवी के जिले फर्रुखाबाद में छिबरामऊ के रहने वाले बताए जाते हैं।
आज के दौर में उन शब्दों को हथेलियों में रखकर तौलता हूँ तो जैसे लगता है कि 'मानस के राजहंस' जैसी उपमा इस 'बाल-हठ' के जमाने में दुर्लभ है। उस स्वर्णिम दौर में 'विनीत' और 'दर्शनाभिलाषी' वाले बाॅक्स में छपे नाम ,सच में हाथ जोड़े विनीत भाव से या तो शादी में पूड़ी-तरकारी चलाते मिलते थे या हैरान परेशान सबकी व्यवस्था में लगे रहते थे।
उस समय के कार्ड, कार्ड नहीं कैलेण्डर होते थे जिस पर सीता राम की युगल छवि होती थी या फिर शिव पार्वती की। उसके नीचे विवाह कार्यक्रम और फिर पूरे बारह महीनों की दिन - तिथियाँ। जिसे लोग साल भर खूँटी पर टाँगे रखते थे।
उस समय पच्चीस - तीस लोग तो बड़की नाच में बावन खंभे वाले तम्बू लगाने की टीम में ही होते थे। और दस-बीस बच्चे पानी वाला जग - मग लेकर इधर-उधर दौड़ते - भागते मिलते थे...।
समय ने हमें आज ऐसे दौर में लाकर खड़ा कर दिया है कि जब न तो बिहारी हैं न नेह जी। "नेह जी" होते तो आज नीचे की पंक्ति काट कर लिखते -

भेज रहा हूँ नेह निमंत्रण
प्रियवर तुम्हें बुलाने को।
हे मानस के राजहंस,
तुम जिद न करना आने को।

                            याद कीजिए! उस समय तम्बू में जितने खम्बे होते थे उतने भी लोगों को शादी में न तो शामिल होने की अनुमति है न उचित ही।
ऐसे समय में उस पुराने दौर को याद कर लीजिए।
'आज मेरे यार की शादी है' से लेकर ' यार मेरा हर एक से वफ़ा करता है'  जैसे गानों को यू-ट्यूब पर देख - सुन लीजिए। विवाह में नाचने, गाने से लेकर रूठने तक के रस्मों की अदायगी अपने कमरे में ही कर लीजिए।
विवाह निश्चित ही हमारे सनातन धर्म का पंद्रहवाँ संस्कार है लेकिन अभी जो कोराना आया है वह अल्पज्ञानी है, उसकी जानकारी में बस एक ही संस्कार है - सोलहवांँ (अन्त्येष्टि संस्कार)। इसलिए सचेत रहिए।
शादी कार्ड पर छपे "बाल हठ" के कारण किसी शादी - ब्याह में तब तक शामिल न होइए जब तक वर - वधू दोनों में से कोई एक आप खुद न हों।
फिर कह रहा हूँ उस समय न गोलुआ जाग कर आपके स्वागत में खड़ा मिलेगा न मोलुआ....।
हाँ! संभव है कोरोना फूफा जरुर हाथों में माला लिए खड़े मिल जाएँ और कौन जानता है कि जीवन में आनी वाली यही "माला" आखिरी हो.... ।

असित कुमार मिश्र
बलिया

Wednesday, April 21, 2021

सब मोदिया की चाल है....

सब मोदिया की चाल है....

कोरोना-काल की तमामतर ख़बरों के बीच जहाँ हर तीसरी पोस्ट पर दर्ज़ है - 'फलाने लेखक अब हमारे बीच नहीं रहे' अथवा 'वीर रस के प्रख्यात कवि गुरदेल सिंह "तोप" की दूसरी पत्नी का कोरोना से बयासी साल में निधन'।
इन्हीं विकट परिस्थितियों में कोई 'पाॅजिटिव - न्यूज़' मिलती है तो मन करता है कि - "उझकि-उझकि पद-कंजनि के पंजनि पै" देख ही लें, कहाँ क्या अच्छा हुआ है!
पिछले हफ़्ते की बात है। हमारे कालेज को उप जिला मजिस्ट्रेट श्री अभय कुमार सिंह के द्वारा अस्थायी आश्रय स्थल बनाया गया था।इसी विषय को लेकर प्राचार्य-कक्ष में हम सभी की मीटिंग चल रही थी।
साथी अध्यापक प्रवीण कुमार चौबे छोटी-मोटी समस्याओं से सदैव जूझते रहते हैं। मैंने बहुत बार कहा भी कि विवाह कर लीजिए। इन जैसी समस्याओं से मुक्ति मिल जाएगी।
चौबे जी उस समय सर्दी - ज़ुकाम से पीड़ित थे। हालांकि सर्दी - ज़ुकाम, बुखार- बदन में दर्द और कमज़ोरी जैसे बहाने हम मास्टरों के आगे हर दूसरा बच्चा बनाता ही है, इसलिए ना तो हम इसे सीरियसली लेते हैं और ना ही लेंगे।
अचानक चौबे जी ने कहा - "सर! बैठा नहीं जा रहा है। लाइब्रेरी में जाकर लेटता हूँ"।
               थोड़ी देर बाद सहायिका सुनीता जी ने आकर बताया - "चौबे जी तो लगता है कि दुनिया से चले गए" !
सहसा विश्वास नहीं हुआ। चौबे जी जिम्मेदार अध्यापक हैं। उन्हें कालेज का नियम पता है कि दस से तीन आप कालेज से कहीं नहीं जा सकते। मैंने जाकर देखा।उनके गिरते हुए स्वास्थ्य को देख कर उन्हें कालेज से छुट्टी दी गई। और कोरोना की जाँच कराने के लिए भी कहा गया।
लोग कहते हैं कि मित्रता बचपन में ही होती है बड़े होने पर तो सम्बन्ध बनते हैं। चौबे जी के साथ कबसे हूँ यह ठीक - ठीक याद भी नहीं। पिछली बार जब नेट का रिजल्ट आया था तब मैंने पूछा था - क्या रहा रिजल्ट?
उनका जवाब था - नेगेटिव।
एल. टी. का रिजल्ट आया था तब भी मैंने पूछा था।
उनका जवाब वही - नेगेटिव।
उसी दिन रात को लगभग साढ़े नौ बजे मैंने व्हाट्स-ऐप पर चौबे जी से पूछा था - क्या रही रिपोर्ट?
चौबे जी ने जो जवाब दिया उससे आँखें भर आईं। मित्र का कोई भी रिजल्ट पाॅजिटिव आए इससे अच्छी बात क्या हो सकती है!मैंने तुरंत उन्हें शुभकामनाएँ दीं ....।
                        संभव है मेरा यह लेख हास्पीटल की बेड पर पड़े हुए मेरे कोरोना - पाॅजिटिव दोस्त या उनके परिजन पढ़ रहे होंगे। संभावना है कि होम - आइसोलेशन की कैद काट रहे जिन आँखों तक यह लेख जाएगा उन्होंने फेसबुक पर लाशें और जलती हुई चिताओं वाले अनगिनत पोस्ट्स पहले ही देख लिए होंगे। जिन्हें साँस लेने में दिक्कत हो रही होगी उन्हें  लग रहा होगा वो बहुत सीरियस हैं और चौबे जी को थोड़ी - बहुत समस्या रही होगी!
जिन्हें खाने का स्वाद नहीं मिल रहा होगा और जो बुखार की आग में जल रहे होंगे वो मन ही मन कह रहे होंगे कि अच्छा बेटा जी! जब तुम्हारा रिजल्ट आएगा न पाॅजिटिव तब पूछेंगे!
                   आज लगभग दस दिनों बाद चौबे जी के पचहत्तर प्रतिशत रिकवर कर लेने पर आपसे बता रहा हूँ कि वो आपसे कहीं ज्यादा सीरियस थे। फिर भी उन्हें न वेंटिलेटर की आवश्यकता पड़ी ना हास्पिटलाइज्ड होने की। हाँ! जो दवाएँ सामान्य रूप से दी जा रहीं हैं उनके साथ-साथ आत्मबल की जरूरत थी जिसके लिए हम - आप जैसे लोग हैं।
दस प्रतिशत विशेष मरीजों को छोड़ कर आज कोरोना - पाॅजिटिव व्यक्ति को ज्यादा से ज्यादा आत्मबल और हमारे-आपके सहयोग की आवश्यकता है न कि हास्पिटलाइज्ड करने की।
बगल के गाँव के एक परभुनाथ चचा हैं उनमें भी सारे लक्षण वही थे लेकिन प्रचंड मोदी विरोधी होने के कारण न तो उन्होंने सीरियसली लिया और न ही कहीं हास्पिटलाइज्ड ही हुए।
बल्कि जिनकी रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है उन्हें वो समझाते भी हैं - "देख लो! सर्दी - जुकाम पहले नहीं होता था! अरे! ई सब मोदिया की चाल है। एक दिन अडानी - अम्बानी को बेच देगा सब कुछ देख लेना "।
और कमाल यह कि जो अंतिम साँसे गिन रहे थे, जिनके "गऊ - दान" की तैयारी चल रही थी वो खड़े होकर कहते हैं - "भइया! ठीके कहे हैं आप। पी. एम. केयर फंड का पइसवा सब खाइये न गया ई लोग"।  
               मैंने बस मनोचिकित्सक का नाम सुना है आज तक , देखा नहीं है। जरुर वो लोग भी परभुनाथ चचा की तरह ही होते होंगे।
इसलिए पैनिक नहीं होना है, घबराना नहीं है। मैंने खुद कल एक लड़के के मौसा जी को हास्पिटलाइज्ड कराया था आज पता चला कि उन्हें बस फ्लू है।
इसी तरह देश के विभिन्न क्षेत्रों से सूचना मिल रही है कि ज्यादातर दवाएँ और जगह अनावश्यक लोगों ने घेर रखीं हैं।
आपकी सूचना के लिए बताना जरुरी है कि फेसबुक पर भी हिंदू - मुस्लिम, भाजपाई - कांग्रेसी, आपियों- बहुरूपियों की संख्या नब्बे प्रतिशत है ; आदमियों की संख्या भी दस प्रतिशत ही है जो कोरोना योद्धा के रूप में सबके लिए इलाज और आक्सीजन तथा दवाएँ उपलब्ध कराने में लगे हुए हैं।
उन्हें ग़लत सूचनाएँ न दीजिए।दस प्रतिशत उन विशेष मरीजों के लिए चिकित्सा - उपचार उपलब्ध कराने दीजिए जिन्हें वास्तव में उसकी जरूरत है।
वैसे भी ना जाने कितनी बड़ी आबादी को कोरोना हुआ और ठीक भी हो गया उन्हें पता तक नहीं चला।जिन्हें हो गया है उन्हें डराइए मत। उनका आत्मविश्वास बढ़ाइए। उनसे भले ही कहिए कि - सब मोदिया की चाल है।
मैं जानता हूँ कि आप जिस फलाने कवि के मरने की बातें फेसबुक पर कर रहे हैं, उनके पहले काव्य - संग्रह का नाम नहीं पता है आपको।
मैं समझ सकता हूँ कि वीर रस के अप्रतिम कवि गुरदेल सिंह "तोप" को उनकी दूसरी पत्नी ने बयासी साल कैसे झेला होगा! इसलिए जो बचे हुए हैं उनकी चिंता कीजिए। आपकी सूचना से किसी पर ग़लत असर न पड़े ध्यान दीजिये।
बहुत बड़ा नहीं लिखना है।
बस आखिरी बात बता दूँ कि अपनी रिपोर्ट नहीं दे रहा हूँ, उसकी आवश्यकता भी नहीं...!

असित कुमार मिश्र
बलिया