Thursday, November 10, 2016

हजारों नोट और एक दिले नादां

हजारों नोट और एक दिले नादां....
समय ने सिद्ध कर दिया है कि हमारे देश में हारे हुए नेता को मिले वोट और जेब में रखे हजार के नोट की कोई कीमत नहीं होती।इसीलिए यहाँ वोट और नोट दोनों को संदेह से देखा जाता है।इसी बीच नोट अगर पाँच सौ या एक हज़ार वाले हों तो लोग तब तक तीखी निगाहों से देखते हैं, जब तक फोटो वाले गाँधी जी खुद कह न दें कि- "बेटा रख लो हम पोरबंदर वाले मोहनदास करमचंद गाँधी ही हैं... आँखी किरिया"।
         इधर वित्त मंत्रालय ने पाँच सौ और एक हज़ार के नोटों को वापस लेने की घोषणा की है। इससे शहरों की जिंदगी तो जैसे रुक ही गई है, हम गाँव के लोग भी कम परेशान नहीं हैं। हमारे लिए बड़ी आफत का समय होता है यह महीना। एक पैर धान की कटिया-पिटिया में लगा रहता है तो दूसरा पैर खेत की जुताई, गेहूँ के बीज, खाद-पानी की व्यवस्था में, और इन सबमें पैसे ही लगने हैं। रामायण हरिकीर्तन से लेकर बियाह-शादी भी इसी में।और आप ही बताइए सौ पचास का जमाना है अब?
1991 के आर्थिक सुधार और उदारीकरण के पहले वाले गाँव अब रह नहीं गए हैं। पहले गाँव में केवल गाँव होते थे, अब घरों में अलग-अलग दुनिया। इन आर्थिक सुधार की नीतियों ने गंवई हाथों में भी काग़जी नोटों की बैसाखियाँ पकड़ा दीं, वर्ना गाँव में सुबह भी होती थी, दोपहर भी, शाम भी और रात भी। लेकिन उसमें रुपये का बहुत कम नाम आता था। सौ रुपए का नोट देखना ही उपलब्धि होती थी गाँव के लिए, रखना तो दूर की बात थी। हालाँकि नोट तब भी होते थे, लेकिन हमारी जरूरतें कम थीं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार पैसा नहीं सहयोग, अनाज और सामंजस्य होता था। तब किसी ने सोचा भी नहीं था कि पच्चीस पैसे वाली 'चमेली माचिस' ही 'बैजंती गोड़िन' का भरसांय फूंक देगी। पचास पैसे के चिक शैम्पू के पाउच की खुश्बू के आगे कचटी माटी और तिल के पत्तियों की महक फीकी पड़ जाएगी। दो रुपये वाले फोम शीट की थालियाँ 'पुरईन के पात' को बेइज्जत कर गाँव से बाहर निकाल देंगी।
कभी सोचा तक नहीं था कि सेम, मटर, लौकी, तरोई, कोहड़ा, बथुआ, चौराई भी खरीदने की चीजें हैं... क्योंकि गाँवों ने इसे माँग कर खाया था... बाँट कर खाया था। ऐसा नहीं कि पैसा नहीं था तब। लेकिन गंवई अर्थव्यवस्था पैसे पर नहीं प्यार पर चलती थी। हमारे परिवार की पहचान उस चमकते दमकते नेम प्लेट से नहीं होती थी, जिस पर बड़े बाबूजी का नाम मोटे अक्षरों में लिखा होता था - ब्रजराज मिश्र, उपजिलाधिकारी (सेवानिवृत्त) बल्कि, शादी ब्याह में घर-घर घूमने वाली उन आधा दर्जन बदलचन चौकियों से होती थी, जिनके पायों पर आज भी गंवई अक्षरों में लिखा है - "एडीएम साहेब"।
ब्रजराज मिश्र नाम था संज्ञा थी, लेकिन एसडीएम साहेब में परंपरा थी विशेषण था।अब भी छह आठ चौकियाँ और दर्जनों कुर्सियाँ रखी हैं, लेकिन कोई माँगने नहीं आता। क्यों आएगा भाई! सबके पास पैसा है और पैसे से क्या नहीं खरीदा जा सकता? सबके पास पाँच सौ और एक हज़ार के नोटों की गड्डियाँ हैं। तो जाओ अब कांहे तीत लग रहा है भाई! खरीद लो अमेजन से आटा और फ्लिपकाट से तरकारी।डाऊनलोड कर लो एक तसली दाल गूगल से और आर्कुट से आठ दस रोटियाँ। फेल हो गया इकोनॉमिकल इन्वेस्टमेंट एंड डेवलपमेंट न!
        गाँव की समझ में आज भी नहीं आता कि विमुद्रीकरण और मुद्रास्फीति क्या है? अर्थशास्त्र का वह सामान्य नियम भी नहीं जानते हम कि - 'बुरी मुद्रा अच्छी मुद्रा को चलन से बाहर कर देती है' ।
गाँव परेशान है कि हमारा पैसा 'माटी' हो गया। खलिहान में जाइए तो वहाँ भी छह-सात लोग घेर लेते हैं और वही तरह तरह के सवाल - बाबू! हर बार बैंकवा पइसा लेकर भाग जाता था इस बार पइसवा हाथे में छोड़ कर भाग गया?
मैं पूछता हूँ - कौन बैंक भाग गया?
सिरीराम जी बताते हैं - अरे उहे रिजरभ बैंक आफ इंडिया..
हँसी आती है इनकी सरलता पर। दोष इनका है भी नहीं। पिछले दिनों 'गैलेक्सी एसोसिएट्स' नाम से एक बैंक आया था, जो इन लोगों के पैसे लेकर भाग गया। अब इनको लगता है कि रिजर्व बैंक आफ इंडिया ही भाग गया अपना पैसा छोड़कर।
मैं समझाने की कोशिश में हूँ - अच्छा काका ई बताइए कि जब आप हाथ में पांच सौ का नोट लेते हैं तो चेक करते हैं कि नहीं?
बचन भाई ने बताया कि - एतना जाली नोट आ गया है बाजार में कि चेक करना जरूरी है।
मैंने पूछा कि आज तक एक भी जाली नोट पकड़े हैं आप?
बचन भाई अफसोस से कहते हैं - माट्साहब एतना पढ़े-लिखे होते तब का पूछना था।
मैंने कहा - तो सरकार हमारे लिए ही इन सभी नोटों को बंद कर रही है कि कोई हमको बेवकूफ बनाकर जाली नोट न दे दे।
सिरीराम जी ने कहा - अच्छा हमारे पास तो खाता है ही नहीं, तब तो हमारा आठ हजार रुपया डूब गया न?
मैंने कहा-पहली बात तो यह कि सरकार जब जनधन योजना में खाता खोलवा रही थी तो कांहे नहीं खोलवाए! ठीक है हमको दे दीजिएगा हमको सरकार दो लाख रुपये का छूट दी है। हम बदल कर आपको दे देंगे।
अब सिरीराम जी सरधा से देख रहे हैं हमको। जैसे हम वित्त मंत्रालय में बड़े बाबू हों। उन्होंने खुशी से कहा - आपका तो बहुत जान पहचान है बैंक में। डायरेक्ट कौनौ कर्मचारी को देकर कांहे नहीं बदल देते हैं?
मैंने समझाया - देखिए काका सरकार हमारे लिए समाजवादी एंबुलेंस लाती है तो हम बारात ढोने लगते हैं। राजीव गांधी विद्युत योजना लाती है तो हम कंटिया फंसाते हैं, अब बैंक लाइन से बुला रही है तो हम भीआईपी बन कर जाएं!
बचन भाई ने कहा कि - लेकिन आप मास्टर साहब होकर लाइन लगाएंगे? मास्टर आ नेता सब लाइन लगाता है कहीं ?
मैंने टैब में एक फोटो दिखाते हुए कहा - देखिए बचन भाई ये देव प्रकाश मीणा सर हैं पुलिस में एसपी हैं और लाइन में खड़े हैं। जबकि चाहते तो मैनेजर साहब को घर ही नहीं बुला लेते! अब बताइए हम लोग नहीं खड़े हो सकते हैं? गाँव की समझ में आ रहा है कुछ कुछ। पूरे गाँव में चर्चा है अब कि एगो एसपी साहब हैं वो लाइन में खड़े हैं।
       अच्छी बातें भी उतनी ही तेजी से फैलती हैं जितनी बुरी बातें। पूरा गाँव देव प्रकाश सर की फोटो देखकर लाइन लगा कर पैसे बदलने को तैयार है। अब आगे आपके हाथ में है आपके आगे पीछे कोई बैंकिंग का कम जानकार हो तो उसकी मदद कीजिए। दो कलम लेकर बैंक में जाइए फार्म भरने से लेकर छोटा मोटा सहयोग कीजिए हम किसानों का। यकीन कीजिए सीमा पर शहीद होना ही देशभक्ति नहीं एक दूसरे की मदद करना भी देशभक्ति ही है। अफवाहों को यथासंभव रोकें बहुत आवश्यक वस्तुएं ही खरीदें कुछ दिनों तक। और जनधन खातों में कुछ जमाखोर दो - दो लाख रुपये जमा करने की सोच रहे हैं। ऐसे में गांवों के खाताधारकों को या कम जानकारी रखने वाले खाताधारकों को सचेत करें कि यह गलत है। बैंक में बैंकिंग नियमों का पालन करें। लगभग सप्ताह भर यह आर्थिक परेशानी रहेगी इसमें हमें भाजपा की तरफ से नहीं रहना है, कांग्रेस की तरफ से नहीं रहना है, सपा बसपा की तरफ से नहीं रहना है... देश की तरफ से रहना है।

असित कुमार मिश्र
बलिया

       
        

Sunday, November 6, 2016

फ्री मिनट से अपने मिनट तक...

फ्री मिनट से अपने मिनट तक...
सुमित्रा चाची के बारे में कुछ लिखने से पहले दो बातें बता दूँ। एक तो ये कि पिछले जनम में जरूर मैंने कोई बड़ा पाप किया होगा, जो इस जनम में इन्हें भाभी की जगह चाची कहना पड़ रहा है। दूसरी बात चाची एक नंबर की कंजूस हैं, इनसे एक रुपये खर्च करा लेना आरबीआई का गवर्नर बनने जैसा कठिन है।चाची कोई भी बात 'सबसे सस्ता' शब्द से शुरू करती हैं जैसे - ए बाबू सबसे सस्ता मोबाइल कौन सा है?
मैंने कहा - दस रुपये वाला जिसमें 'बुंबरो बुंबरो श्याम रंग बुंबरो' वाला गाना बजता है।
चाची कपार पर हाथ रख कर मेरे बुद्धि पर अफसोस करते हुए कहती हैं कि - अरे बातचीत करने वाला मोबाइल चाहिए।
मैंने कहा - चाची अब स्मार्ट फोन का जमाना है...
चाची ने बीच में ही टोक दिया - नहीं। हमको ऐसा मोबाइल चाहिए जिसमें बस फोन आए-जाए और एक रुपया लगाना न पड़े।
मैं चाची की सरलता पर हँस देता हूँ। चाची 'बाजार' नहीं समझती। यह नहीं समझती कि इस दुनिया में चारों ओर एक बाजार है जहाँ हम जैसे लोगों को हर मिनट खरीदा बेचा जाता है और हमें पता तक नहीं चलता।
खैर सैमसंग का सबसे सस्ता मोबाइल और टेलीनॉर का सिम आ गया।आज वही चाची जो एक रुपये खर्च नहीं करतीं वो कभी पाँच रुपए का 'फ्री मिनट' डालते दिखतीं हैं, तो कभी लोकल और एसटीडी रेट समझती हैं।
        बात अकेले चाची की नहीं है हम सबकी है। हम सभी हर सेकेंड हर मिनट बाजार में ही खड़े हैं। सोते भी हैं बाजार में, जागते भी हैं बाजार में, खाते भी हैं बाजार में, रोते भी हैं बाजार में, जहाँ जीवन मूल्यों का परिवर्तन हो रहा है हर चीज़ बिक रही है और बेचने वाले मुस्कुराते हुए हमारी जेब से पैसे निकाल लेते हैं।
याद कीजिए दस बारह साल पहले के समाचार। जब चैनल के नाम पर दूरदर्शन होता था और सुरुचिपूर्ण ढंग से साड़ी पहने बैठी एक समाचारवाचिका स्पष्ट उच्चारण में कहती थीं - आज प्रधानमंत्री जी ने कहा कि... फिर प्रादेशिक समाचार फिर मौसम के समाचार। जैसे सबकी दुनिया ठहर जाती थी वहीं। पापा चश्मा लगा लेते थे अम्मा चुप हो जातीं थीं और हम पर तो जैसे धारा एक सौ चौवालिस लागू रहता था। वह सरला माहेश्वरी और शोभना जगदीश का जमाना था।
आज आकर्षक वस्त्रों मेकअप से लदी हुई अभिनेत्री की तरह टहल रही समाचारवाचिका चीखती है - आज नरेंद्र मोदी ने कहा कि... फिर किसी बंगाली बाबा का जादू और भाग्यलक्ष्मी यंत्र के साथ साथ सैकड़ों अनचाहे,अदृश्य उत्पाद बेचने तक, जो मूल्य बदल गए हैं उन्हें आसानी से समाज में देखा जा सकता है। 'प्रधानमंत्री जी' से 'नरेंद्र मोदी' कहने तक, जो नैतिक मूल्यों का पतन हुआ वह साफ़ दिख रहा है जब किसी पत्रकार ने प्रधानमंत्री जी के हाथों पुरस्कार लेने से यह कह कर मना कर दिया कि- "मैं नरेंद्र मोदी को और खुद को एक फ्रेम में नहीं देख सकता।" यकीन नहीं होता जो पत्रकारिता गणेश शंकर विद्यार्थी से चली वह यहाँ तक आ गई है कि यह भी समझ में न आए कि नरेंद्र मोदी पुरस्कार नहीं दे रहे वह भारत गणराज्य के प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रदत्त पुरस्कार है। व्यक्ति नहीं पद सम्मानित कर रहा है। व्यक्ति के स्तर पर मुझमें और राजीव गांधी मनमोहन सिंह नरेंद्र मोदी में कोई अंतर नहीं लेकिन पद के स्तर पर वो विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री हैं जिनका सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का दायित्व है।
हमारी पीढ़ी बात बात में नरेंद्र मोदी और मनमोहन सिंह ऐसे कहती है जैसे वो हमारे क्लासमेट रहे हों। पिछले दस बारह सालों में आया परिवर्तन है यह।टीआरपी की भूख और बाज़ार में खुद को बेचने की ललक, सनसनीखेज खुलासे, बिग ब्रेकिंग न्यूज़ ने मर्यादा और आचरण से लेकर पत्रकारिता के मूलभूत सिद्धांतों तक चमक खोई है। निश्चित ही प्रधानमंत्री जी की नीतियों विचारों का विरोध होना चाहिए यह बेहतर लोकतंत्र के लिए आवश्यक है लेकिन पुरस्कार न लेकर विरोध नहीं अपमान किया है भारतीय पत्रकारिता ने।
       यह बाजार हर क्षेत्र में हर जगह और हर समय है। कल तक हिंदी की सबसे बड़ी पत्रिका छह हजार प्रतियों में निकलती थी आज फेसबुक पर या ब्लॉग पर जिसके भी तीन हजार मित्र और तीन हजार फॉलोअर हैं वह एक पत्रिका और एक संपादक के समान है।या और भी सैकड़ों हजारों पत्रिकाएं हैं बाजार में। लेकिन क्या नैतिक मूल्य और साहित्यिक मर्यादा वही है? जो धर्मयुग और सरस्वती के समय थी? आज ज्ञानपीठ पुरस्कार नहीं मिलता, 'इफको' ज्ञानपीठ पुरस्कार मिलता है। ज्ञानपीठ तो समझ में आ रहा है भाई! ये इफको क्या है? यही तो बाजार है और उसकी खुली बाँहें। जिसमें सब समाहित होता जा रहा है।
        अक्सर अध्यापकगण बढ़े बालों पर, अजीब तरह के फटे-कसे कपड़ों पर लड़कों को डांटते-टोकते हैं और अचानक कोई हनी सिंह आते हैं और एक पूरी पीढ़ी बाल कटवा कर हनी सिंह बन जाती है। मैं आज तक किसी एक को भी असित कुमार मिश्र नहीं बना सका और किसी हनी सिंह ने पूरी पीढ़ी को बदल दिया। कहना पड़ेगा मुझे कि हमारे मनोविज्ञान से उनका मनोविज्ञान ज्यादा प्रभावी है। हम अध्यापकों से बड़ा 'मोटिवेटर' तो वो है, जो न जाने कहाँ है और वहीं से यूथ को चेंज कर दिया और हम क्लास में होकर भी चालीस बच्चों को अपने जैसा नहीं बना पाए।
एक महत्त्वपूर्ण कारण है कि पीढ़ियों का अंतर बढ़ता जा रहा है। इसे ऐसे समझिए - 'तवायफ' फिल्म का नाम सुना है न! ऋषि कपूर वाली?  उसका साहित्यिक महत्त्व यह है कि वह फिल्म 'अलीम मसरूर' के प्रसिद्ध उपन्यास 'बहुत देर कर दी' पर बनी थी। और इस उपन्यास को पढ़ने के लिए हजारीप्रसाद द्विवेदी जी रात भर जागते रहे, लालटेन का तेल खत्म होने पर पड़ोसी का लालटेन मांगा। अब यही फिल्म आज की पीढ़ी को दिखाइए। देखिए तो क्या होता है? या आज की कोई फिल्म पुरानी पीढ़ी को दिखाइए देखिए क्या होता है? दोनों खारिज कर देंगे। नई पीढ़ी, पुराने आदर्श प्रतिमान नैतिकता को खारिज कर रही है और पुरानी पीढ़ी नए जींस ब्लेजर क्रीम लाइफस्टाइल को खारिज कर रही है। दोनों के बीच जो एक जुड़ाव होना चाहिए वही टूट गया है। कारण क्या है इसका?  पीढ़ियों में जल्द बदलाव। आज पांच साल में एक पीढ़ी बदल रही है पंद्रह साल में तीसरी पीढ़ी चलने लगी। पंद्रह साल पुरानी बातें आज के लड़के खारिज कर ही देंगे क्योंकि बाजार ने और तकनीकी ने मात्र पंद्रह साल में तीन पीढ़ियां बना दी हैं।
आज साबुन तेल के विज्ञापनों के बीच अंत: वस्त्रों का विज्ञापन भी उसी सहजता से आता है। आज लड़की भी लड़के के साथ बड़ी सहजता से बीयर पी रही है क्योंकि बाजार ने उसे सिखाया है कि इस कंपनी का बीयर आपकी पार्टी में जान डाल देगी। गोरी त्वचा के लिए सैकड़ों क्रीम हैं क्योंकि बाजार ने खबर बनाई है कि सांवला होना पाप है। एक आइएएस बनने के लिये लाखों आंखों में सपने बनते हैं लेकिन उसी वेतनमान पर अध्यापक नहीं बनना चाहते हैं हम। क्योंकि बाजार की शब्दावली में डी एम का पद आकर्षक और रसूखदार है। फलस्वरूप डी एम बनाने का रोजगार हर शहर हर कस्बे में चल रहा है। दो किलोमीटर दूर जाने के लिए हम बुलेट इनफील्ड निकालते हैं और पांच किलोमीटर के लिए स्कार्पियो । क्योंकि बुलेट जो है वो शान की सवारी है और स्कार्पियो के विज्ञापन में दिखाया गया है कि एक नायिका इठलाती हुई आती है चालक से लिफ्ट मांगती है और फिर चुंबन दृश्य.... इधर पूरा बलिया जिला घूम रहे हैं हम, एक्को नायिका तो क्या घास वाली तक नहीं देखती। क्योंकि मेरी तरह हजारों स्कार्पियो सड़कों पर दौड़ रही हैं अब बेचारी नायिका खुदे कन्फ्यूज है कि लिफ्ट मांगे किससे!
          हम सोच भी नहीं सकते कि टेलीकॉम कंपनियों ने लाखों रुपये खर्च करके अर्थशास्त्रियों को सीईओ क्यों बनाया है?  बस इसीलिए कि सुमित्रा चाची न चाहते हुए भी पांच रुपये मोबाइल में डालें। वो हमेशा ऐसे आकर्षक प्लान मार्केट में उतारते रहें जिसे सुमित्रा चाची जैसी मितव्ययी महिला गेहूँ बेचकर भी आफर का लाभ ले, लेकिन ले।
आप जेब पर ताला लगाकर बाजार में जाइए देखिए आप खुद ताला तोड़ेंगे और कुछ न कुछ खरीदना ही पड़ेगा आपको। क्योंकि बाजार ने सिखाया है हमको कि स्टील के बर्तनों से घर भरा हो तब भी धनतेरस के दिन बर्तन खरीदना ही है तुमको। और हम बीस रुपए की छननी सत्तर रुपये में लिए आ रहे हैं खुश होकर कि स्टीकरवा पर तो अस्सी रुपया लिखा है।
दो सालों में हमारे कस्बे में पाँच पानी सप्लाई करने वाली दुकानें खुल गई हैं कोई हिमालया एक्वा है तो कोई ऐश्वर्या एक्वा। कारण भी वही लोग बता रहे हैं कि घर का पानी दूषित हो गया है। कुछ पेड़ पौधे लगाने वाले वन विभाग के सहयोगी एनजीओ आ रहे हैं जो बता रहे हैं कि दिल्ली मुंबई रहने लायक नहीं है धुएँ के कारण, प्रदूषण के कारण। इसलिए यह पेड़ लगाइए सत्तर रुपये वाला। एक डेढ़ सौ का भी है। यहाँ भी बाजार आ गया।
बात बहुत आदर्श और नैतिकता की नहीं है बात थोड़ी सी सावधानी की है। आप वही सामान खरीदिए जिसकी सख्त आवश्यकता हो। वही साहित्य पढ़िए जिससे मनोरंजन के साथ साथ लोककल्याण व सामाजिक समरसता बनी रहे। कम दूरी के लिए साइकिल का प्रयोग करें। विरोध - समर्थन इस तरह न करें जिससे आपकी भावनाओं को बेचा जा सके। हमारे घर का बच्चा कौन सा टीवी प्रोग्राम देख रहा है, उसके आदर्श कौन हैं, उसका झुकाव किधर हो रहा है, यह देखना हमारा ही काम है। टीवी सीरियलों ने हमारे बच्चों को आवश्यकता से पहले बड़ा कर दिया है। हृदय में दो अलिंद होते हैं एक दांये और एक बाएँ यह जानने की उम्र तक दो बार ब्रेकअप हो चुका होता है। क्योंकि हमारी फिल्मों के केंद्र में अवयस्क प्रेम ही होता है कोई सामाजिक सरोकार नहीं। क्योंकि इसी फिल्म के बाक्स आफिस पर धूम मचाने की उम्मीद है।
मनोचिकित्सक और समाजशास्त्री हैरान हैं कि देश का युवा इतना अस्त व्यस्त कभी नहीं रहा। लेकिन कोई यह नहीं सोच रहा है कि पहले इतना बाजार भी तो नहीं था।पूरा परिवार एक साथ एक टीवी देखता था अब सबके कमरे अलग हैं। पहले एक सदस्य की समस्या परिवार की समस्या होती थी अब यूथ कहती है - ममा प्लीज़ मुझे अकेला छोड़ दो, दिस इज माए प्राब्लम। पहले हम आपस में खुल कर बातें करते थे, अब खाते समय भी फेसबुक व्हाट्स ऐप।
       बाज़ार हमें परिवार से व्यक्ति बना रहा है।घर परिवार व्यक्ति सब बदल रहे हैं, बदल नहीं रहे बल्कि टूट रहे हैं। मैं बाजार का विरोधी नहीं। बाजार से दूर रहना भी ठीक नहीं यह हमें अवसर भी देता है। लेकिन कुत्सित बाजारु नीतियों से बचाव जरुरी है। हमें सोचना होगा कि खुशी और दुख व्यक्त करने के लिए स्माइली नहीं कंधे की जरूरत होती है। डनलॅप और स्लीपवेल आराम दे सकते हैं नींद नहीं।लाइक, कमेंट, टीवी, अखबार, मीडिया और न्यूज में आना, छाए रहना अच्छा है। लेकिन अपनी परंपरा अपनी संस्कृति संस्कार और आदर्शों को ताक पर रखकर नहीं। बाजारु 'फ्री मिनट' के साथ साथ कुछ 'अपने मिनट' भी यूज करना जरूरी है।
असित कुमार मिश्र
बलिया

      

Monday, October 31, 2016

मंगल पर भी मंगल नहीं है....


आज सबेरे साते बजे परभुनाथ चाचा दुआर पर हाजिर हो गए। बड़का बैग उनके कमासुत होने की कहानी बता रहा था, और जगह जगह कपड़े की सिलवटें बता रही थीं कि इस दीपावली की भीड़-भाड़ में भी चचा एसी कोच में आराम से सोते आए हैं। मैंने पैर छूने के बाद उनका पेट भी छुआ और हँस कर कहा - कौ महीना का बाबू है चचा ?
चचा गरमाए - ससुर मुँह फोर देंगे फालतू बोले तो।अपनी अम्मा को बुलाओ असीरबाद लें लें। फिर घर जाकर सर-सफाई करना होगा।
मैंने कहा - अरे आराम से यहीं नहाइए खाइए, कहाँ अपने घर जाएंगे?
चाची घर में चलीं गईं और चाचा कुर्ता खोल कर कुर्सी पर बैठ गए। मैं चाचा को गौर से देखने लगा।
चाचा को आप मेरा गाँव समझ सकते हैं,मेरा जिला समझ सकते हैं,मेरा देश समझ सकते हैं और उसके आगे भी कुछ होता होगा तो वो भी समझ सकते हैं।परभुनाथ चचा 'मल्टीटैलेन्टेड' हैं। मने खड़े-खड़े पैसा कमा देंगे।इसी गाँव में घर है इनका भी पुरुब टोले में। तीन बीघा खेत, तीस-चालीस घरों की जजमानी, दो बैल एक गाय ठीक-ठाक घर। और क्या चाहिए एक गंवई आदमी को? लेकिन समस्या तब होने लगी जब इनके बगल में रहने वाले दुवरिका बाबू ने इनके घर के सामने अपना गोबर रखना शुरू किया था। दोनों ओर से दो-दो हाथ लाठी चली और तीन किता मुकद्दमा। बाबू साहब बीस पड़े और उन्होंने अपनी जमीन बाँस से घेर ली तो परभुनाथ चचा को आने-जाने में भी समस्या होने लगी।इधर दूसरा पड़ोसी भी गद्दार निकला। नाली का पानी चचा के दरवाजे पर बहाने लगा।
धीरे-धीरे चचा ऊबते चले गए। पहले एक पड़ोसी से फिर दूसरे से फिर पूरे पुरुब टोले से फिर पूरे गाँव से। अचानक एक दिन सुनाई दिया कि चाचा गाँव में एक बीघा जमीन बेच कर बलिया जीराबस्ती में घर खरीद कर रहने चले गए। हम सब हैरान रह गए। दो साल बाद पता चला कि चचा लखनऊ शिफ्ट हो गए हैं और मार्बल के काम में पैसा पीट रहे हैं। हम लोगों को भी खुशी हुई कि चलो हमारे गाँव का कोई आदमी तरक्की कर रहा है। पिछले जिउतिया को पता चला कि चचा लखनऊ का घर बेच कर दिल्ली रह रहे हैं, और किसी सीमेंट कंपनी में अच्छे पद पर हैं। गाँव घर से जैसे-जैसे दूरी बढ़ती गई वैसे वैसे इनकी जमीनें भी कम होती गईं। अब गाँव में खर-पतवार से ढंका बस एक घर है चचा का। बाकी सब बिक गया। लेकिन चचा ने दिल्ली में ठीक-ठाक प्रापर्टी बना ली है। बैग का वज़न बता रहा है कि सबके लिए कुछ न कुछ लाए हैं।
          चचा अब नहा कर आ गए थे मैं आदत के अनुसार उनके बैग में से अपने लिए लाई चीज़ें चुन रहा था। एक छींटदार साड़ी और चार खद्दर की धोती कुछ मिठाई के डिब्बों के बाद एक नई घड़ी दिखी।
मैंने चाचा से पूछा कि ए चाचा सब ठीक है दिल्ली में? सुना है केजरीवाल सर मुफ्त बिजली पानी हवा सब दे रहे हैं।
चचा फिर गर्मा गए एकदम से चिल्ला कर बोले - हां! सब ठीक है दिल्ली में। साला हमहीं खराब हैं। ईहां गाँव में थे तो दुवरिकवा परेशान करता था, बलिया गए तो वहाँ सोझे शराब का दुकान खुल गया। लखनऊ गए तो वहाँ बिल्डर से झगड़ा होता था दिल्ली गए उहां एगो बनिया बगल में बस गया है रोज सताता है। मँहगाई रोज बढ़ रही है आ ई सरवा केजरीवाल रोजे नया नया डरामा करता है ... हाँ दिल्ली तो ठीके है, हम ही खराब हैं।
मैंने हँस कर कहा - ए चचा निराश मत होइए चाँद पर प्लाटिंग होने ही वाला है कट्ठा भर जमीन खरीद लीजिएगा वहीं। आ आराम से रहिएगा।
तब तक सामने से दुवरिका सिंघ जाते हुए दिखे मैंने थोड़ा जोर से कहा - ए सिंघ चचा आइए चाय पिलाएं।
सिंघ चचा ने चश्मा ठीक किया और मेरी तरफ देख कर कहा - के हऽ मास्टर?
हमने कहा - जी आइए हमहीं हैं।
सिंघ चाचा को कुर्सी पर बैठने में दिक्कत है तो चारपाई निकाली गई। दुवरिका सिंघ जैसे ही बैठे मैंने उनकी बूढ़ी कलाई में वो नई घड़ी बांध दी।
सिंघ चचा बोले - ई का है मास्टर?
मैंने कहा कि - परभुनाथ चचा दिल्ली से कमा कर आए हैं वही आपके लिए घड़ी लाए हैं। सिंघ चचा ना-ना करते हुए घड़ी खोलने लगे, तब तक मैंने बैग में से खद्दर की धोती निकाल कर उनके हाथ में रख दी और कहा कि - धोती भी है आपके लिए। पूरे गाँव में आप ही पहनते हैं खद्दर। अभी चाची के लिए छींट वाली साड़ी भी है।
सिंघ चचा नर्भस होकर बोले - बबवा तो बहरा जाते ही बदल गया। गाँव में था तो बड़ा घमंड में रहता था।
इधर परभुनाथ चचा बाहर निकले तो देख रहे हैं कि उनकी घड़ी दुवरिका सिंघ की कलाई में बंधी है और एक खद्दर वाली धोती उनके गोद में रखी है।
परभुनाथ चाचा धोती छीनने लपके तब तक मैंने कह दिया - दुवरिका चचा को परनाम कहिए आपसे बड़े हैं ये।
जब तक परभुनाथ चचा का परनाम पूरा होता तब तक दुवरिका सिंह ने परभुनाथ चचा को बांहों में भर लिया और बोले - दिवाकर सिंघवा को बारह साल कमाते हो गया लेकिन एक रुमाल नहीं लाया और परभुनाथ बाबा आप एतना झगड़ा के बाद भी हमको भूले नहीं।
मैं इस भरत मिलाप पर चुप क्यों रहता। जोड़ दिया दो लाइन - अरे चचा झगड़ा तो होता रहता है लेकिन खून तो एक ही है गाँव का न!
अब दोनों लोगों ने एक साथ चाय पी। लेकिन किसी ने किसी से कोई बात नहीं की। दुवरिका सिंघ उठकर जाने लगे तो मैंने कहा कि - ए सिंघ चचा परभु चचा के दरवाजे पर बांस वांस रखे होंगे तो हटा लीजिएगा आखिर ई अपने घर में जाएंगे कैसे?
सिंघ चचा रुके और बोले - मास्टर! किरिया खाकर कह रहे हैं खाली धोती पसारने के लिए बाँस गाड़े थे उसी पर बवाल हुआ था अच्छा हटवा रहे हैं अभी। आ परभु बाबा से कह दीजिए कि आज हमरे घरे खाना है।
           तीन घंटे में कितना कुछ बदल जाता है यह दुवरिका सिंघ के दरवाजे पर देखा जा सकता है अब। परभुनाथ चचा खटिया पर पेट फुलाए लेटे हैं और दुवरिका सिंघ की छोटकी नातिन उनके पेट पर खेल रही है। उधर दुवरिका सिंघ परभुनाथ चचा का दुआर साफ करा रहे हैं और छत पर चाची ठकुराइनों के बीच में बैठी मैट्रो ट्रेन में साड़ी फंसने वाली घटना सुना रही हैं।
            फिर कहूंगा परभुनाथ चचा व्यक्ति नहीं गांव हैं, जिला हैं, देश हैं, पूरी मनुष्यता हैं। हर कोई परेशान है अपने पड़ोसी से। मैं भी, आप भी, यहाँ तक कि अपना देश भी। हम गाँव छोड़कर भागते हैं कस्बे में। कस्बे से शहर, शहर से राजधानी, राजधानी से चाँद पर जाने की तैयारी है अब। लिखकर रख लीजिए चाँद पर भी जल्दी ही लोग ऊब जाएंगे अपने पड़ोसी से। फिर मंगल पर जीवन की तलाश होगी। लेकिन जीवन में मंगल की तलाश कोई नहीं करना चाहता। रुकिए थोड़ा सा ठहरिए। धरती पर कहीं स्वर्ग नहीं है आप जहाँ हैं उसके सिवा।जानता हूँ आपका पडोसी नालायक है घमंडी है। लेकिन कभी सोचा है कि वो भी आपको शरीफ नहीं समझता होगा।
कभी होली दीपावली छठ दशहरा के दिन अपने पड़ोसी की खबर ली आपने? अपना दीप जलाते समय पड़ोसी के घर का अंधेरा कोना देखा आपने? कभी सोचा है कि आपके पिंटू के साथ बगल के सनी के हाथ में भी वही घड़ी हो? पांच सौ के नोट का खुदरा तो देते ही नहीं आप, उसके संकट में काम क्या आएंगे? है न!
तो परभुनाथ चचा की तरह आपको कभी कहीं सूकून नहीं मिलेगा। आप सैकड़ों सालों तक भागते ही रहेंगे पडोसी से। गांव से जिला तक, जिला से लखनऊ, फिर दिल्ली, फिर चाँद, फिर मंगल और कुछ बदलेगा नहीं। गाँव में रहकर पड़ोसी अच्छा नहीं लगेगा और बलिया की जिंदगी को अच्छा बताएंगे। बलिया में रहकर लखनऊ को अच्छा बताएंगे और लखनऊ जाकर दिल्ली को अच्छा बताएंगे। दिल्ली जाते ही चाँद अच्छा लगेगा। हमेशा बाहर स्वर्ग की कल्पना करेंगे लेकिन जहाँ रहेंगे उसे स्वर्ग बनाने की कोशिश नहीं करेंगे। और लगेगा क्या इसमें?
मैं जानता हूँ दुवरिका सिंघ आदमी नहीं पहचान पाते घड़ी में समय क्या देखेंगे? सीधा खड़ा होने में दस मिनट लगाते हैं खद्दर की भारी धोती क्या संभालेंगे? लेकिन वो घड़ी और वो धोती जीवन में मंगल का माध्यम है।
चलिए इस बार की दीपावली अकेले नहीं सबके साथ मिलकर मनाते हैं मंगल पर जीवन के लिए नहीं जीवन में मंगल के लिए। आप सबको दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ।
अच्छा उधर अम्मा मेरे बारे में कह रही हैं - बिना कुछ खिलाए पिलाए परभुनाथ बाबू को भेज दिया। थोड़ी सी भी बुद्धि नहीं है... भगवाने मालिक है इस नालायक का...
असित कुमार मिश्र
बलिया